पाकिस्तानी सेना ने पूर्व आईएसआई चीफ को किया गिरफ्तार, जानिए क्या है मामला?

पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को अपने ही पूर्व आईएसआई चीफ को गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व आईएसआई प्रमुख और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद को एक आवास योजना घोटाले के सिलसिले में अरेस्ट किया गया है। सेना ने उनके खिलाफ कोर्ट मार्शल के तहत कार्रवाई शुरू की है।
पाकिस्तानी सेना ने पूर्व आईएसआई चीफ को किया गिरफ्तार
पूर्व आईएसआई चीफ फैज़ हमीद (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

इस्लामाबाद: पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को अपने ही पूर्व आईएसआई चीफ को गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व आईएसआई प्रमुख और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद को एक आवास योजना घोटाले के सिलसिले में अरेस्ट किया गया है। सेना ने उनके खिलाफ कोर्ट मार्शल के तहत कार्रवाई शुरू की है। सेना की मीडिया शाखा इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने जानकारी देते हुए बताया कि फैज हमीद पर ‘टॉप सिटी' मामले की जांच के बाद यह एक्शन लिया जा रहा है।

आईएसपीआर कहा गया कि इसके परिणामस्वरूप, पाकिस्तान सेना अधिनियम के प्रावधानों के तहत लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद (सेवानिवृत्त) के खिलाफ उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है। इसके अलावा, सेवानिवृत्ति के बाद पाकिस्तान सैन्य अधिनियम के उल्लंघन के कई मामले भी सामने आए हैं। फील्ड जनरल कोर्ट मार्शल की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद (रिटायर्ड) को सैन्य हिरासत में ले लिया गया है।

लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) हमीद को 2019 से 2021 तक जासूसी एजेंसी का नेतृत्व करते समय बेहद शक्तिशाली माना जाता था। उन्हें इस प्रतिष्ठित पद पर तब नियुक्त किया गया था, जब तत्कालीन आईएसआई प्रमुख और वर्तमान सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल असीम मुनीर को समय से पहले पद से हटा दिया गया था। तब ऐसी खबरें आई थीं कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान मुनीर से खुश नहीं थे। बाद में, सेना ने हमीद को बदलने का फैसला किया, जिसका इमरान खान ने कड़ा विरोध किया और ऐसा माना जाता है कि यह शक्तिशाली सेना के साथ उनके संबंधों में खटास की शुरुआत थी।

टॉप सिटी के मालिक ने लगाया था आरोप

‘टॉप सिटी' मामला तब सुर्खियों में आया, जब आठ नवंबर 2023 को टॉप सिटी के मालिक मोइज अहमद खान ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर हमीद पर अपने पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने याचिका में कहा कि 12 मई, 2017 को जनरल हमीद के कहने पर आईएसआई अधिकारियों ने ‘टॉप सिटी' कार्यालय और उनके घर पर छापा मारा और सोना, हीरे और धन सहित बहुमूल्य सामान जब्त कर लिये। उन्होंने यह भी कहा कि हमीद के भाई सरदार नजफ ने भी बाद में इस मुद्दे को सुलझाने के लिए उनसे संपर्क किया था।

याचिका में यह भी दावा किया गया है कि बाद में जनरल हमीद ने इस मुद्दे को सुलझाने के लिए उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आईएसआई अधिकारियों ने उनसे 4 करोड़ रुपये की नकदी वसूली। हमीद ने मौजूदा सेना प्रमुख के पदभार संभालने के बाद अपनी सेवानिवृत्ति की तारीख से चार महीने पहले नवंबर 2022 में समय से पहले सेना छोड़ दी थी। उन्हें तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल कमर बाजवा का करीबी माना जाता था। आईएसआई प्रमुख का पद पाकिस्तानी सेना में सबसे महत्वपूर्ण पदों में से एक माना जाता है।

-एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com