ट्रंप के खिलाफ खड़े हुए ममदानी, 30 लाख अप्रवासियों की रक्षा का लिया संकल्प, बचने के दिए टिप्स

Zohran Mamdani: ममदानी ने न्यूयॉर्क के 30 लाख अप्रवासियों की रक्षा करने का संकल्प लेते हुए कहा कि आप अधिकारों को जानते हैं तो हम सभी आईसीई के खिलाफ खड़े हो सकते हैं। उन्होंने उन्हें बचने के टिप्स दिए।
Mamdani stood against Trump, saying ICE cannot enter anywhere without a warrant
ममदानी। इमेज-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

US Immigrants: न्यूयॉर्क शहर के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी पुराने तेवर में दिख रहे हैं। खासकर अप्रवासियों को लेकर तेवर फिर साफ कर दिए हैं। ममदानी ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) के एजेंटों से बात करने या उनकी बात मानने से इनकार करने के अप्रवासियों के अधिकार के बारे में बताया। यह वीडियो संघीय एजेंटों द्वारा मैनहट्टन में छापे के कुछ दिनों बाद आया है।

वीडियो में ममदानी ने न्यूयॉर्क के 30 लाख अप्रवासियों की रक्षा करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि आप अपने अधिकारों को जानते हैं तो हम सभी आईसीई के खिलाफ खड़े हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में लोग संघीय आव्रजन एजेंटों से बात न करने, बिना दखल दिए उनका वीडियो बनाने और निजी स्थानों में प्रवेश करने के उनके अनुरोधों को अस्वीकार करने का विकल्प चुन सकते हैं। ममदानी ने कहा, आईसीई एजेंट किसी जज की ओर से हस्ताक्षरित न्यायिक वारंट के बिना घर, स्कूल या कार्यस्थल के निजी क्षेत्र जैसे स्थानों में प्रवेश नहीं कर सकते।

क्या मैं जाने के लिए स्वतंत्र हूं?

उन्होंने बताया कि आईसीई को कानूनी तौर पर आपसे झूठ बोलने की अनुमति है। मगर, आपको चुप रहने का अधिकार है। आपको हिरासत में लिया जाता है, तो आप हमेशा पूछ सकते हैं-क्या मैं जाने के लिए स्वतंत्र हूं? 1 जनवरी को मेयर पद की शपथ लेने वाले ममदानी ने कहा कि जब तक वे आपको जवाब नहीं दें, तब तक बार-बार पूछते रहें। ममदानी की यह टिप्पणी न्यूयॉर्क के चाइनाटाउन के पास कैनाल स्ट्रीट पर आईसीई द्वारा लोगों को हिरासत में लेने के प्रयास के दौरान प्रदर्शनकारियों के इकट्ठा होने के एक सप्ताह बाद आई है। पिछले अक्टूबर में इसी इलाके में ऐसी एक आव्रजन छापेमारी का भी विरोध हुआ था।

अप्रवासियों की सुरक्षा-समर्थन के लिए हर दिन करूंगा संघर्ष

ममदानी ने अपने वीडियो में कहा है कि न्यूयॉर्क हमेशा अप्रवासियों का स्वागत करेगा। मैं अपने अप्रवासी भाइयों और बहनों की सुरक्षा, समर्थन और सम्मान के लिए हर दिन संघर्ष करूंगा। कुछ हफ्ते पहले ममदानी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ ओवल ऑफिस में आश्चर्यजनक रूप से सौहार्दपूर्ण बैठक की थी, जिनका प्रशासन कई अमेरिकी शहरों में, हाल में न्यू ऑरलियन्स में संघीय आव्रजन प्रवर्तन अभियान चला रहा।

Navbharat Live
navbharatlive.com