चार्टर्ड फ्लाइट कैंसिल तो ICC का Plan B आया सामने, भारत में फंसे विदेशी सितारों के लिए की ये वैकल्पिक व्यवस्था

Iran Israel War: भारत में फंसे खिलाड़ियों की चार्टर्ड फ्लाइट रद्द होने के बाद आईसीसी ने बड़ा फैसला लिया। वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी कोलकाता में अपना आखिरी मैच खेलने के बाद वहीं रुक गए थे।
चार्टर्ड फ्लाइट कैंसिल तो ICC का प्लान बी, भारत में फंसे विदेशी सितारों के लिए ICC ने की ये वैकल्पिक व्यवस्था
साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के मैच की फोटो (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

ICC books commercial flights for Players: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान एक अप्रत्याशित स्थिति उस समय सामने आई जब वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमों की चार्टर्ड फ्लाइट अचानक रद्द हो गई। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। कोलकाता में अपना आखिरी मैच खेलने के बाद दोनों टीमों के कई खिलाड़ी भारत में ही फंस गए थे।

चार्टर्ड फ्लाइट रद्द होने के बाद आईसीसी का कदम

चार्टर्ड फ्लाइट रद्द होने के बाद आईसीसी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग व्यावसायिक उड़ानों में टिकट बुक किए। खिलाड़ियों को सुरक्षित तरीके से उनके देशों तक पहुंचाने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर यात्रा की व्यवस्था की गई। आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने भी इस मामले में खुद हस्तक्षेप किया और खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाएगी। इस पूरे मामले पर ध्यान दे रहे एक आईसीसी के सूत्र ने पीटीआई को बताया है कि "वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के सभी खिलाड़ियों की अलग-अलग व्यावसायिक विमान कंपनियों की उड़ान में बुकिंग की गई है। सभी की बुकिंग एक ही उड़ान में नहीं हो सकती लेकिन आईसीसी ने व्यक्तिगत बुकिंग का ध्यान रखा है। आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने खुद बात की है और खिलाड़ियों को सुरक्षित स्वदेश वापसी का भरोसा दिलाया है।"

पश्चिम एशिया में तनाव बना बड़ी वजह

दरअसल, ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद पश्चिम एशिया के कई हिस्सों में अंतरराष्ट्रीय वायु क्षेत्र पर पाबंदियां लगा दी गई थीं। इस वजह से कई एयरलाइंस को अपने उड़ान मार्ग बदलने पड़े और कुछ उड़ानों को रद्द भी करना पड़ा। आईसीसी की आधिकारिक एयरलाइन पार्टनर एमिरेट्स है, लेकिन दुबई के आसपास के हवाई क्षेत्र में प्रतिबंध लगने के कारण उनकी उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। इससे भारत से कैरेबिया और अफ्रीका जाने वाली यात्राएं काफी मुश्किल हो गईं।

कोलकाता से उड़ान भरने वाली फ्लाइट अचानक रद्द

पहले से तय योजना के मुताबिक वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीम को मंगलवार दोपहर को कोलकाता से एक साझा चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए जोहानिसबर्ग जाना था। वहां से वेस्टइंडीज की टीम को एंटीगा के लिए आगे रवाना होना था। हालांकि, बंगाल क्रिकेट संघ के एक अधिकारी के अनुसार कुछ लॉजिस्टिक समस्याओं के कारण यह उड़ान तय समय से कुछ घंटे पहले ही रद्द कर दी गई। खिलाड़ियों और टीम स्टाफ को भेजे गए संदेश में भी इस बात की पुष्टि की गई कि चार्टर्ड फ्लाइट को रद्द कर दिया गया है।

वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीम कब हुई बाहर

वेस्टइंडीज की टीम एक मार्च से कोलकाता में ही रुकी हुई थी। भारत ने ईडन गार्डन्स में खेले गए सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका का सफर चार मार्च को समाप्त हुआ, जब उन्हें पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। उस समय दक्षिण अफ्रीका की टीम भी कोलकाता में ही मौजूद थी।

खिलाड़ियों की संख्या और आगे की स्थिति

रिपोर्ट के मुताबिक इस समय वेस्टइंडीज के लगभग 12 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के 10 सदस्य भारत में मौजूद हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका के 12 खिलाड़ी और दो सपोर्ट स्टाफ सदस्य भी अभी यहीं हैं। हालांकि साउथ अफ्रीका के कुछ खिलाड़ी अपनी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण पहले ही भारत से रवाना हो चुके हैं। इनमें केशव महाराज, जॉर्ज लिंडे और जेसन स्मिथ शामिल हैं, जो 15 मार्च से न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली द्विपक्षीय सीरीज के लिए निकल चुके हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com