Israel Hamas War: हमास पर इजरायली सेना का कहर जारी, उत्तरी गाजा में 22 लोगों की मौत

गाजा में इजरायली सैनिकों का कहर जारी है। उत्तरी गाजा पर इजरायल द्वारा किए गए हमलों में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय की आपातकालीन सेवा ने बताया कि उत्तरी शहर बेत लाहिया में शनिवार देर रात कई मकानों और इमारतों पर हुए इन हमलों में मारे गए लोगों में 11 महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल हैं। यही नहीं 15 अन्य लोग घायल हुए हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
Israel Hamas War: गाजा में जारी है इजरायली हमला, 20 लोगों की मौत
Israel Hamas War
Published on
Updated on

दीर अल-बला: गाजा में इजरायली सैनिकों का कहर जारी है। उत्तरी गाजा पर इजरायल द्वारा किए गए हमलों में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई है। यह जानकारी फलस्तीनी चिकित्सा अधिकारियों ने दी। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय की आपातकालीन सेवा ने बताया कि उत्तरी शहर बेत लाहिया में शनिवार देर रात कई मकानों और इमारतों पर हुए इन हमलों में मारे गए लोगों में 11 महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल हैं। यही नहीं 15 अन्य लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

इजरायली सेना ने इन हमलों को लेकर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। इजरायल पिछले तीन सप्ताह से उत्तरी गाजा में बड़े पैमाने पर हवाई और जमीनी हमले कर रहा है। उसका कहना है कि हमास के चरमपंथी वहां फिर से संगठित हो गए हैं। सालभर से जारी युद्ध के दौरान विस्थापन की ताजा लहर में सैकड़ों लोग मारे गए हैं और हजारों फलस्तीनी गाजा सिटी छोड़कर चले गए हैं।

इजरायल गाजा में रोजाना हमले कर रहा है। साथ ही वह लेबनान में हिजबुल्ला के साथ युद्ध लड़ रहा है। इजरायल ने शनिवार सुबह ईरान पर हवाई हमले किए और कहा कि उसने ईरान द्वारा इस महीने की शुरुआत में इजराइल पर दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों के जवाब में उसके सैन्य स्थलों को निशाना बनाया।

बढ़ा युद्ध का खतरा

ईरान, हमास और हिजबुल्ला का समर्थन करता है। इन हमलों ने दोनों कट्टर शत्रुओं के बीच ऐसे समय में पूर्ण युद्ध का खतरा बढ़ा दिया है। जब पश्चिम एशिया में ईरान समर्थित चरमपंथी समूह- गाजा में हमास और लेबनान में हिजबुल्ला, पहले से ही इजरायल के साथ युद्धरत हैं।

इजरायल का ये दावा

इजरायल का कहना है कि उसने गाजा में केवल चरमपंथियों को निशाना बनाकर हमले किया है। वह हमलों में आम नागरिकों की मौत होने के लिए हमास को दोषी ठहराता रहा है क्योंकि ये चरमपंथी घनी आबादी वाले इलाकों में लड़ते हैं।

बता दें कि हमास ने सात अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इजरायल पर हमला कर करीब 1200 लोगों की हत्या कर दी थी और करीब 250 लोगों को बंधक बना लिया था। करीब 100 बंधक अब भी गाजा में हैं जिनमें से एक तिहाई बंधकों के मारे जाने की आशंका है। फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हमास के हमले के बाद इजराइल की जवाबी कार्रवाई में 42,000 फलस्तीनी मारे गए हैं। (एजेंसी)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com