

Akola Loan Waiver 2026: अकोला किसानों के लिए फसल कर्जमाफी योजना की तैयारी शुरू हो गई है। सहकार विभाग द्वारा किसानों की केवाईसी और आधार प्रस्तुतीकरण की प्रक्रिया चलाई जा रही है। जिले में अब तक 1558 खातों में आधार उपलब्ध नहीं है, जून 2025 और 30 सितंबर तक बकाया कर्ज की जानकारी संकलित की जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इन्हीं तिथियों पर मुहर लगी तो इस वर्ष बकाया कर्जमाफी से कई किसान वंचित रह सकते हैं। कर्जमाफी की मांग को लेकर प्रहार जनशक्ति पार्टी के प्रमुख बच्चू कडू ने आंदोलन किया था,
जिसके बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जून 2026 तक कर्जमाफी करने का आश्वासन दिया। इसके लिए राज्य सरकार ने अक्टूबर 2025 में 'मित्र' संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित की। अब सरकरी पोर्टल पर कर्ज की जानकारी भरने की प्रक्रिया शुरू हुई है, जिसके लिए सभी किसानों की केवाईसी आवश्यक है।
कई सहकारी सोसायटियों और बैंकों के पास किसानों के आधार कार्ड उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए आधार प्रस्तुतीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संदर्भ में जिला उपनिबंधक डा।प्रवीण लोखंडे ने कहा कि सेवा सहकारी संस्था और सहकारी बैंकों से लिए गए कर्ज की केवाईसी जरूरी है। मृत किसानों के वारिसों को भी आधार कार्ड जमा करना होगा।
| क्रमांक | तहसील | आधार रहित किसान खाते |
|---|---|---|
| 1 | अकोला | 256 |
| 2 | पातुर | 133 |
| 3 | तेल्हारा | 253 |
| 4 | मुर्तिजापुर | 437 |
| 5 | अकोट | 78 |
| 6 | बार्शीटाकली | 320 |
| 7 | बालापुर | 81 |