इमरान खान की सेहत पर सस्पेंस; सुप्रीम कोर्ट ने दिए जेल में जांच के आदेश, 11 फरवरी तक मांगी रिपोर्ट

Imran Khan Health Update: पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व पीएम इमरान खान की खराब सेहत और अदियाला जेल की बैरक की स्थिति पर चिंता जताई है। बैरिस्टर सलमान सफदर को जांच कर कल तक रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
Suspense over Imran Khan's health; Supreme Court orders jail investigation, seeks report by February 11
इमरान खान, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Imran Khan News In Hindi: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई (PTI) संस्थापक इमरान खान की जेल में स्थिति को लेकर एक बार फिर कानूनी और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए बैरिस्टर सलमान सफदर को रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद इमरान खान से मिलने की विशेष अनुमति दी है।

कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि सफदर को निष्पक्ष तौर पर इमरान की सेहत, उन्हें मिल रहे इलाज और उनकी बैरक की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करनी होगी और इसकी रिपोर्ट अदालत में जमा करनी होगी।

चीफ जस्टिस का कड़ा रुख और डेडलाइन

पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश (CJP) याह्या अफरीदी और जस्टिस शाहिद बिलाल हसन की दो सदस्यीय पीठ ने इस मामले की सुनवाई की। चीफ जस्टिस ने जेल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे सलमान सफदर का पूरा सहयोग करें और बिना किसी देरी के उन्हें इमरान खान से मिलने दें। कोर्ट ने यह भी हिदायत दी है कि यदि इस दौरे के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न होता है, तो व्यक्तिगत स्टाफ अधिकारी को दौरे पर साथ भेजा जाएगा। अदालत ने इस पूरी प्रक्रिया और रिपोर्ट सबमिट करने के लिए 11 फरवरी 2026 की डेडलाइन तय की है।

आंखों की जांच और बढ़ती चिंताएं

सुनवाई के दौरान बैरिस्टर सलमान सफदर ने अदालत को चौंकाने वाली जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले इमरान खान की आंखों की जांच की गई थी, जिसमें कुछ स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चिंताएं सामने आई हैं। इस जानकारी के बाद मुख्य न्यायाधीश ने निर्देश दिया कि उनकी मेडिकल रिपोर्ट को चैंबर में पेश किया जाए। इमरान खान की टीम ने आशंका जताई है कि जेल में उन्हें उचित चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।

पीटीआई और परिवार का बड़ा आरोप

इमरान खान की पार्टी पीटीआई (PTI) के चेयरमैन गौहर खान ने अदालत में पुरजोर अपील की है कि पार्टी और परिवार को इमरान खान की बीमारी या वर्तमान स्थिति के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी जा रही है। उन्होंने मांग की कि इमरान खान से तुरंत मुलाकात की अनुमति दी जाए और उनके निजी डॉक्टरों को जेल में जाकर उनकी पूरी तरह से जांच करने की इजाजत मिले।

गौरतलब है कि इमरान खान अगस्त 2023 से सलाखों के पीछे हैं। हालांकि अटॉर्नी जनरल मंसूर उस्मान अवान ने अदालत को बताया कि पुराने आदेशों के मुताबिक मेडिकल रिकॉर्ड पहले ही चैंबर में पेश किए जा चुके हैं लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट अब ताजा और स्वतंत्र रिपोर्ट पर जोर दे रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com