

Sachin Tendulkar Invites PM Modi: भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने हाल ही में अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ पत्नी अंजलि तेंदुलकर, बेटे अर्जुन तेंदुलकर, बेटी सारा तेंदुलकर और अर्जुन की मंगेतर सानिया चंदोक भी मौजूद रहीं। पिछले कई दिनों से अर्जुन और सानिया की शादी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब सचिन ने खुद इस खबर की पुष्टि कर दी है।
सचिन तेंदुलकर ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इस पोस्ट में उन्होंने बताया कि उन्हें अर्जुन और सानिया के विवाह समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित करने का अवसर मिला। साथ ही उन्होंने युवा जोड़े को आशीर्वाद और मार्गदर्शन देने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद भी किया। सचिन के इस पोस्ट के बाद फैंस ने भी अर्जुन और सानिया को शुभकामनाएं देनी शुरू कर दीं।
प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले सचिन तेंदुलकर ने कांग्रेस पार्टी के संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी भेंट की थी। वह अपनी पत्नी अंजलि के साथ दिल्ली स्थित 10 जनपथ पहुंचे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अर्जुन और सानिया की शादी के कार्यक्रम तीन मार्च से शुरू होने की संभावना है, जबकि मुख्य समारोह पांच मार्च को आयोजित किया जा सकता है। हालांकि, आधिकारिक कार्यक्रमों की पूरी जानकारी अभी सामने आना बाकी है।
अर्जुन तेंदुलकर की मंगेतर सानिया चंदोक मुंबई के प्रसिद्ध व्यवसायी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह उद्योगपति रवि घई की पोती हैं। घई परिवार हॉस्पिटेलिटी और खाद्य क्षेत्र में जाना जाता है और इंटरकॉन्टिनेंटल होटल तथा आइसक्रीम ब्रांड ब्रुकलिन क्रीमरी जैसे प्रतिष्ठित व्यवसायों से जुड़ा है। अर्जुन और सानिया की सगाई एक निजी समारोह में हुई थी, जिसमें दोनों परिवारों के करीबी सदस्य और मित्र शामिल हुए थे।
25 वर्षीय अर्जुन तेंदुलकर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर हैं। वह घरेलू क्रिकेट में गोवा का प्रतिनिधित्व करते हैं और आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं। आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी से पहले लखनऊ सुपरजाएंट्स ने उन्हें मुंबई इंडियंस से ट्रेड किया था। अर्जुन ने 2020/21 सीजन में मुंबई के साथ अपने घरेलू करियर की शुरुआत की थी और जूनियर स्तर पर मुंबई तथा भारत की अंडर-19 टीम का भी हिस्सा रहे। बाद में वह गोवा चले गए, जहां उन्होंने प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए क्रिकेट में पदार्पण किया और लगातार अपने खेल में सुधार कर रहे हैं।