ग्रीस के पास फिर डूबी प्रवासियों की नाव, 28 की जान बची लेकिन 3 लोग अब भी लापता; रेस्क्यू जारी

Greece Migrant Boat Accident: ग्रीस के सामोस द्वीप के पास एक बार फिर अवैध प्रवासन का खतरनाक चेहरा सामने आया है। तुर्की से प्रवासियों को ले जा रही एक नाव हादसे का शिकार हो गई।
A migrant boat sank again off the coast of Greece; 28 people were rescued, but three are still missing. The rescue operation is ongoing.
ग्रीस के पास फिर डूबी प्रवासियों की नाव, फोटो (सो. आईएएनएस)
Published on
Updated on

Greece Boat Accident: तुर्की से अवैध तरीके से यूरोप में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे प्रवासियों की एक नाव मंगलवार को ग्रीस के सामोस द्वीप के पास समुद्र में डूब गई। ग्रीक अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

हेलेनिक कोस्ट गार्ड ने बताया कि हादसे के समय मौसम बेहद खराब था और हवा की गति ब्यूफोर्ट स्केल पर काफी अधिक दर्ज की गई। तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण राहत और बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद कोस्ट गार्ड की टीमें, नौसेना और अन्य एजेंसियां लगातार अभियान में जुटी हुई हैं।

कैसे हुआ हादसा?

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, प्रवासियों की नाव तटरेखा के पास चट्टानों से टकरा गई थी जिसके बाद वह पलट गई। हादसे के बाद समुद्र में गिरे लोगों को कोस्ट गार्ड और स्थानीय मछुआरों की मदद से बाहर निकाला गया। बचाए गए सभी 28 लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए पास के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसे बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर एथेंस भेजा गया है। फिलहाल प्रवासियों की राष्ट्रीयता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है कि यह नाव किस नेटवर्क के जरिए संचालित की जा रही थी।

सैकड़ों लोगों की जान जा है चुकी

ग्रीस लंबे समय से यूरोपीय संघ में अवैध प्रवासियों के लिए एक प्रमुख प्रवेश द्वार बना हुआ है। विशेष रूप से तुर्की से ग्रीक द्वीपों तक का समुद्री मार्ग प्रवासियों के बीच सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है हालांकि यह रास्ता बेहद खतरनाक माना जाता है। वर्ष 2015 के बाद से लाखों प्रवासी ग्रीस पहुंचे हैं, लेकिन जोखिम भरी समुद्री यात्राओं के दौरान सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है।

यूरोपियन बॉर्डर एंड कोस्ट गार्ड एजेंसी फ्रोंटेक्स के आंकड़ों के अनुसार, 2025 के पहले 11 महीनों में ईस्टर्न मेडिटेरेनियन रूट पर प्रवासी आवागमन में 2024 की तुलना में करीब 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इसके बावजूद इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। फ्रोंटेक्स के मुताबिक, इस साल अब तक इस मार्ग से लगभग 46,200 लोगों के यूरोप पहुंचने की जानकारी दर्ज की गई है।

हाल ही में दिसंबर की शुरुआत में क्रेट द्वीप के पास एक अन्य नाव डूबने से 18 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा 8 दिसंबर को सामोस के पास ही एक तस्कर द्वारा प्रवासियों को स्पीडबोट से समुद्र में कूदने के लिए मजबूर किए जाने की घटना में 12 वर्षीय बच्चे की जान चली गई थी। इन घटनाओं के बाद मानवाधिकार संगठनों ने यूरोपीय देशों से सुरक्षित मार्ग, मानवीय दृष्टिकोण और मजबूत रेस्क्यू सिस्टम सुनिश्चित करने की मांग तेज कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com