इथियोपिया की धरती पर गूंजा ‘धरती सुनहरी अंबर नीला’, पीएम मोदी को देख झूम उठा भारतीय समुदाय

PM Modi Ethiopia Visit: पीएम मोदी दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी और उत्साह से स्वागत किया गया। यह यात्रा भारत-इथियोपिया के ऐतिहासिक और रणनीतिक...
The song 'Dharti Sunheri Ambar Neela' (Golden Earth, Blue Sky) resonated in Ethiopia, and the Indian community rejoiced upon seeing PM Modi.
पीएम मोदी को देख झूम उठा भारतीय समुदाय, फोटो (सो.सोशल मीडिया)
Updated on

Narendra Modi Ethiopia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका जोरदार और उत्साहपूर्ण स्वागत किया। होटल पहुंचते ही बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक तिरंगा लहराते नजर आए और ‘मोदी मोदी’ तथा ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल गूंज उठा। प्रवासी भारतीयों का यह उत्साह दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्तों की तस्वीर पेश करता है।

इससे पहले, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने स्वयं एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया और उन्हें एयरपोर्ट से होटल तक साथ लेकर गए। यह कदम दोनों नेताओं के बीच आपसी सम्मान और मित्रता को दर्शाता है। रास्ते में प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने पीएम मोदी को साइंस म्यूजियम और फ्रेंडशिप पार्क भी दिखाया जो आधिकारिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री अबी अहमद अली को 2019 में पड़ोसी देश इरिट्रिया के साथ सीमा विवाद सुलझाने में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

गीत और संगीत यहां वास्तव में बहुत लोकप्रिय

होटल पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखीं और कई लोगों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान कलाकारों के एक समूह ने बॉलीवुड फिल्म वीर-जारा का लोकप्रिय गीत ‘धरती सुनहरी अंबर नीला’ गाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पीएम मोदी ने इस प्रस्तुति का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा, “अदीस अबाबा में एक जीवंत स्वागत! भारतीय गीत और संगीत यहां वास्तव में बहुत लोकप्रिय हैं।”

भारत और इथियोपिया के बीच गहरे संबंध

एयरपोर्ट पर आगमन के समय पीएम मोदी ने कहा कि वह इथियोपियाई नेतृत्व के साथ विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए बातचीत को लेकर उत्सुक हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि कुछ समय पहले अदीस अबाबा पहुंचा हूं।

प्रधानमंत्री अबी अहमद अली द्वारा एयरपोर्ट पर स्वागत किए जाने से अभिभूत हूं। इथियोपिया महान इतिहास और जीवंत संस्कृति वाला देश है। भारत और इथियोपिया के बीच गहरे सभ्यतागत संबंध हैं। एयरपोर्ट पर दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच अनौपचारिक बातचीत भी हुई। पीएम मोदी ने पारंपरिक इथियोपियाई कॉफी सेरेमनी में हिस्सा लिया और इसे देश की समृद्ध विरासत का प्रतीक बताया।

भारतीय प्रवासी समुदाय से मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी की यह दो दिवसीय राजकीय यात्रा प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के निमंत्रण पर हो रही है। इस दौरान राजनीतिक संवाद, विकास सहयोग, व्यापार, निवेश और लोगों से लोगों के संबंधों सहित द्विपक्षीय रिश्तों के सभी पहलुओं पर व्यापक चर्चा होगी। पीएम मोदी भारतीय प्रवासी समुदाय से मुलाकात करेंगे और इथियोपियाई संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे।

गौरतलब है कि यह 2011 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इथियोपिया की पहली यात्रा है। पीएम मोदी के सम्मान में अदीस अबाबा को स्वागत होर्डिंग्स, पोस्टरों और भारतीय झंडों से सजाया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com