खामेनेई को सत्ता से बाहर करेगें ट्रंप, तख्तापलट की तैयारी, ‘मेक ईरान ग्रेट अगेन’ का दिया नारा

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान में सत्ता परिवर्तन के संकेत दिए, कहा अगर मौजूदा शासन विफल रहा तो बदलाव जरूरी होगा। 'मेक ईरान ग्रेट अगेन' नारे के साथ ट्रंप ने खामेनेई को सत्ता से हटाने की बात कही।
खामेनेई को सत्ता से बाहर करेगें ट्रंप, तख्तापलट की तैयारी, ‘मेक ईरान ग्रेट अगेन’ का दिया नारा
डोनाल्ड ट्रंप (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

वाशिंगटन: अमेरिका ने रविवार को ईरान के प्रमुख परमाणु ठिकानों पर हमला किया। लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इतने से खुश नहीं हैं और वे ईरान में तख्तापलट करवाने की तैयारी कर रहे हैं। ट्रंप ने ईरान में सत्ता परिवर्तन को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है, साथ ही संकेत दिए हैं कि वे जल्द ही अली खामेनेई को सत्ता से बाहर कर देंगे।

ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर एक के बाद एक कई पोस्ट किए। इनमें उन्होंने 'मेक ईरान ग्रेट अगेन' का नारा देते हुए कहा, सत्ता परिवर्तन शब्द का प्रयोग राजनीतिक रूप से संवेदनशील माना जाता है, लेकिन अगर मौजूदा ईरानी शासन देश को उसकी पूर्ण संभावनाओं तक पहुँचाने में विफल रहता है, तो शासन में परिवर्तन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ईरान को फिर से महान बनाना एक साझा उद्देश्य होना चाहिए। MIGA!

ईरानी परमाणु ठिकानों पर अटैक

22 जून 2025 को अमेरिका ने ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया। भारतीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे अमेरिकी वायुसेना ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों फोर्डो, नतांज और इस्फहान को निशाना बनाया। इस हमले में अमेरिका ने अपनी सबसे उन्नत तकनीकों और हथियारों का इस्तेमाल किया, जिनमें B-2 बॉम्बर, F-22 रैप्टर और GBU-57 मैसिव ऑर्डनेंस पेनेट्रेटर (MOP) बम शामिल थे। इस सैन्य कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करना था।

डोनाल्ड ट्रंप ने इन हमलों को अमेरिका के लिए जरूरी बताया। हमलों के बाद ट्रंप ने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम इजराइल के साथ-साथ अमेरिका के लिए भी उतना ही बड़ा खतरा बन गया था। ईरान पिछले 40 साल से कहता आ रहा है कि वह अमेरिका को बर्बाद कर देगा। ऐसे में उसका परमाणु हथियार हासिल करना अमेरिका के लिए खतरनाक साबित हो सकता था। ट्रंप ने कहा कि ईरान को अब शांति समझौता कर लेना चाहिए। नहीं तो हम ईरान के कई और ठिकानों को अपना निशाना बनाएंगे।

ईरान ने की जवाबी कार्रवाई

अमेरिका के हमले के जवाब में ईरान ने इजराइल के कई इलाकों में भारी बमबारी की। उसने तेल अवीव में कई जगहों पर अटैक किया। इससे पहले ईरान ने इजरायल के एक बड़े अस्पताल को भी निशाना बनाया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com