मुजफ्फरनगर हादसा: हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, 6 लोगों की दर्दनाक मौत

Muzaffarnagar Accident: बुधवार सुबह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
muzaffarnagar-highway-car-crash-6-dead
सड़क हादसा की सांकेतिक तस्वीर, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Uttar Pradesh News:  उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। यहां पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-58) पर खड़े ट्रक से एक कार टकरा गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार 8 लोग हरियाणा के फरीदपुर से हरिद्वार जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के चलते ड्राइवर का कार पर नियंत्रण हट गया और वह हाईवे किनारे खड़े ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे राहगीरों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकालकर मदद की।

घायलों को कराया गया नजदीकी अस्पताल में भर्ती

जैसे ही हादसे की खबर पुलिस को मिली, टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।

हादसे के सही कारणों की की जा रही जांच

स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि देखते ही देखते घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कई राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर एंबुलेंस बुलवाई और घायलों की मदद की। पुलिस का कहना है कि हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में यह कोई पहला बड़ा सड़क हादसा नहीं है। इससे पहले भी राज्य के अलग-अलग जिलों में तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण कई भयावह हादसे सामने आ चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या में निर्दोष लोगों की जानें जा चुकी हैं।

इससे पहले भी हो चुके हैं कई बड़े हादसे

27 सितंबर को उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ। यह दुर्घटना बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 258 किलोमीटर के पास हुई। बताया जाता है कि एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेसवे किनारे मरम्मत का काम कर रहे यूपीडा के छह श्रमिकों को कुचलते हुए दूसरी लेन में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चार श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com