CM Yogi In Maglev Train: दुनिया की सबसे तेज रफ्तार ट्रेन में बैठे CM योगी, जानिए 'मैग्लेव' की खासियत

Yogi Adityanath In Fastest Train: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ जापान यात्रा पर हैं, इसी बीच गुरूवार को उन्होंने दुनिया की सबसे तेज रफ्तार ट्रेन 'मैग्लेव' में सफर का अनुभव किया।
CM Yogi Adityanath's Japan Visit
CM Yogi In Maglev Train (Source Social Media)
Updated on

CM Yogi Adityanath Japan Visit: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सिंगापुर की यात्रा के बाद जापान यात्रा पर हैं, इस दौरान सीएम ने ऐसा अनुभव किया जो रोमांच से भरा हुआ था। दरअसल, सीएम दुनिया की सबसे तेज 'मैग्लेव' ट्रेन में बैठे, जिसका वीडियो भी उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में योगी आदित्यनाथ एक्साइटेड दिखाई दे रहे हैं।

सीएम ने वीडियो के साथ शेयर किया अनुभव

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (एक्स) पर पोस्ट करते हुए योगी आदित्यनाथ लिखते हैं, "आप देख सकते हैं मैं 501 किमी/घंटा की रफ्तार से यात्रा कर रहा था।" साथ ही सीएम ने अपनी राइड के बारे में लिखते हुए आगे बताया कि जापान के यामानाशी में उन्होंने 'मैग्लेव' का अनुभव किया, जो आने वाली जनरेशन के लिए हाई स्पीड सिस्टम है। उन्होंने जानकारी देते हुए आगे कहा कि यह ट्रेन 500 किमी/घंटा तक की गति प्राप्त कर सकती है। यह स्वच्छ, कुशल और सटीक परिवहन के भविष्य का प्रतीक है।

उन्होंने आगे लिखा, "यह असाधारण गति पर भी यात्रा सुगम और उल्लेखनीय रूप से स्थिर रही, जो नवाचार और दीर्घकालिक अवसंरचना उत्कृष्टता के प्रति जापान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। जब प्रौद्योगिकी इतनी तेज़ी से आगे बढ़ती है, तो भविष्य पहले से कहीं अधिक निकट प्रतीत होता है।"

क्या होती है 'मैग्लेव' ट्रेन?

दरअसल, 'मैग्लेव' ट्रेन का नाम नहीं बल्कि तकनीक का नाम है। इस उन्नत प्रणाली के तहत यह ट्रेन बाकी ट्रेनों की तरह पटरियों को छूती नहीं, बल्कि ऊपर तैरती हुई बिजली की रफ्तार से दौड़ती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह शक्तिशाली चुंबकीय बल के सहारे पटरियों से कुछ इंच ऊपर उठी रहती है, इसी तकनीक की वजह से घर्षण (Friction) पूरी तरह से खत्म हो जाता है। जिसकी वजह से ही इसकी रफ्तार बहुत तेज होती है। इस सिस्टम की क्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह 600 से 700 किमी प्रति घंटा की टॉप स्पीड तक पहुंचने में सक्षम है।

Navbharat Live
navbharatlive.com