केशव मौर्य, अबू आजमी, अखिलेश यादव(फोटो- सोशल मीडिया)
लखनऊः महाराष्ट्र के विधानसभा में समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आसिम आजमी ने औरंगजेब की कथित तौर पर तारीफ की। इसके बाद से देश की सियासत गर्मा गई। अब इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी पर चौतरफा हमले हो रहे हैं। अबू आजमी के बयान का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखाई दिया। उनके समर्थन में कांग्रेस सासंद इमरान मसूद भी आ गए हैं। उन्होंने औरंगजेब को भारत का बताया है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि मुगल बादशाह आतताई नहीं था, बल्कि उसने अखंड भारत बनाया था।
वहीं अब इस मामले में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा के अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गई है। अखिलेश यादव को मांफी मांगनी चाहिए और अबू आसिम आजमी पर कार्रवाई करनी चाहिए।
दिया जाएगा इसका जवाब
उन्होंने आगे कहा कि अबू आज़मी का बयान अत्यंत निंदनीय है। ‘राष्ट्रगौरव’ छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान देश बर्दाश्त नहीं कर सकता। महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के लोग इसका जवाब देंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि औरंगजेब का महिमामंडन करने वालों को जवाब दिया जाएगा।
अबू आज़मी का बयान अत्यंत निंदनीय है। ‘राष्ट्रगौरव’ छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान देश बर्दाश्त नहीं कर सकता। समाजवादी पार्टी के नेताओं में क्रूर मुगल शासक औरंगजेब की आत्मा घुस गई है। श्री अखिलेश यादव जी को अबू आज़मी के खिलाफ़ तुरंत कार्यवाही करनी चाहिए… pic.twitter.com/sgAKlz6hbB — Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) March 4, 2025
अबू आजमी ने क्या कहा था?
एसपी नेता अबू आसिम आजमी ने कहा था कि औरंगजेब क्रूर और असहिष्णु शासक नहीं थे बल्कि उन्होंने कई मंदिरें भी बनवाई थी। औरंगजेब के बारे में गलत इतिहास दिखाया जा रहा है। औरंगजेब ने अगर मंदिर तोड़े तो की मस्जिदें भी तोड़ी थी, इसमें हिंदू-मुस्लिम करने की कोई जरूरत नहीं है। सपा नेता के इस बयान के बाद सदन में हंगामा हो गया। इसके बाद विधानसभा को स्थगित कर दिया गया एनडीए के विधायकों ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया।