
'UP 'ईज ऑफ डूइंग क्राइम' में नंबर-वन', बैंक लूटकांड के बाद कानून व्यवस्था पर बरसे अखिलेश
लखनऊः समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को राज्य सरकार की कानून—व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘ईज ऑफ डूइंग क्राइम’ में नंबर—वन बन गया है। सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने क्रमवार पोस्ट में लखनऊ और सहारनपुर में चोरी और लूट की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा ”उप्र अब ‘इज ऑफ़ डूइंग क्राइम’ में हुआ नंबर एक।”
इसी पोस्ट में यादव ने प्रदेश की राजधानी के चिनहट इलाके में एक बैंक में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर हुई चोरी की तस्वीर साझा करते हुए कहा ”आज का एपिसोड… लखनऊ का ओवरसीज बैंक, जहां लॉकर काटकर बहुमूल्य सम्पदा चोरी हुई। कल सहारनपुर में बैंक लुटा था।”
उप्र ‘इज ऑफ़ डूइंग क्राइम’ में हुआ न. 1 आज का एपिसोड लखनऊ का ओवरसीज बैंक जहाँ लॉकर काटकर बहुमूल्य सम्पदा चोरी हुई। कल सहारनपुर में बैंक लुटा था। #लखनऊ_बैंक_लॉकर_चोरी pic.twitter.com/7VpSWqO5lT — Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) December 23, 2024
यादव ने एक अलग पोस्ट में चोरी का सहारनपुर का वीडियो साझा किया। लखनऊ में, इंडियन ओवरसीज बैंक की चिनहट शाखा में कुछ लॉकर टूटे हुए पाए गए और उनमें से सामान गायब था। चोरी लखनऊ के मटियारी स्थित शाखा में हुई। बैंक प्रबंधक संदीप सिंह ने बताया कि उन्हें आशंका है कि चोरों ने बैंक की खाली जमीन वाली दीवार में छेद करके इमारत के अंदर चोरी की। पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि इस काम में चार लोग शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश से जुड़ी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
बता दें कि लखनऊ की ओवरसीज बैंक में चोरी करने वाले बदमाश को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक बदमाश के पैर में गोली मारी, जिसके बाद वह भागने में कामयाब नहीं हो पाया।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी ने बताया कि पुलिस बैंक डकैती की घटना की जांच कर रही थी तभी एक कार को पूछताछ के लिए रोका गया तो कार सवार बदमाशों में से एक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।






