Ranji Trophy में उत्तराखंड ने रचा इतिहास, झारखंड को हराकर पहली बार पहुंची सेमीफाइनल में

Ranji Trophy 2025-26: उत्तराखंड ने रणजी ट्रॉफी में झारखंड को पारी और छह रन से हराकर पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मयंक मिश्रा और अभय नेगी की गेंदबाजी ने जीत में अहम भूमिका निभाई।
Uttarakhand Enter First-Ever Ranji Trophy Semi-Final
उत्तराखंड (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Jharkhand vs Uttarakhand, 1st quarter final: बीसीसीआई द्वारा आयोजित रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सीजन में उत्तराखंड की टीम ने इतिहास रच दिया। उत्तराखंड ने झारखंड को पारी एवं 6 रनों से हराकर पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। उत्तराखंड की इस शानदार जीत में गेंदबाजों मयंक मिश्रा और अभय नेगी के साथ-साथ निचले क्रम के बल्लेबाजों का भी अहम योगदान रहा।

रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के तीसरे दिन उत्तराखंड के अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर मयंक मिश्रा ने दूसरी पारी में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 22 रन देकर पांच विकेट चटकाए और झारखंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। वहीं तेज गेंदबाज अभय नेगी ने उनका बेहतरीन साथ निभाते हुए 36 रन देकर चार विकेट हासिल किए। इन दोनों गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के आगे झारखंड की दूसरी पारी सिर्फ 130 रन पर सिमट गई।

पहली पारी में उत्तराखंड ने 136 रनों की बनाई बढ़त

तीसरे दिन उत्तराखंड ने अपनी पहली पारी को पांच विकेट पर 282 रन से आगे बढ़ाया और 122.3 ओवर में 371 रन बनाकर 136 रन की मजबूत बढ़त हासिल की। निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए अभय नेगी ने अहम 46 रन की पारी खेली, जिससे टीम को निर्णायक बढ़त मिली। झारखंड की टीम पहली पारी में 235 रन ही बना सकी थी।

दूसरी पारी में झारखंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 14 रन तक दोनों सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन (2) और शरणदीप सिंह (8) के विकेट गंवा दिए। कप्तान विराट सिंह ने 55 रन की जुझारू पारी खेली और कुमार कुशाग्र के साथ तीसरे विकेट के लिए 86 रन जोड़े, लेकिन 100 रन के स्कोर पर दोनों के आउट होते ही झारखंड की पारी बिखर गई। इसके बाद कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक में नहीं पहुंच सका।

मुकाबले का हाल

झारखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड के सामने पहली पारी में 235 रन बनाए। जवाब में उत्तराखंड ने पहली पारी में 371 रन बनाए। इसके साथ ही उत्तराखंड ने पहली पारी में 136 रनों की बढ़त बनाई। 136 रनों से पिछड़ने के बाद झारखंड की टीम दूसरी पारी में 130 रनों पर ऑलआउट हो गई और उत्तराखंड ने इस मुकाबले को पारी और 6 रनों से जीत लिया। उत्तराखंड की इस शानदार जीत के साथ ही टीम ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली और अब खिताब की ओर एक कदम और बढ़ा दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com