रवींद्र जडेजा ने रचा इतिहास: इयान बॉथम-गैरी सोबर्स के क्लब में शामिल, अश्विन के रिकॉर्ड की बराबरी

Ravindra Jadeja Created History in Test Cricket: रवींद्र जडेजा ने वेस्टइंडीज की पहली पारी में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए, जबकि बल्लेबाजी में उन्होंने शानदार शतक जड़ा।
रवींद्र जडेजा ने रचा इतिहास: इयान बॉथम-गैरी सोबर्स के क्लब में शामिल, अश्विन के रिकॉर्ड की बराबरी
शुभमन गिल और रवींद्र जडेजा (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

India vs West Indies: भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक दुर्लभ उपलब्धि हासिल की है। जडेजा ने एक ही टेस्ट मैच में शतक बनाने और चार या उससे अधिक विकेट लेने के कारनामे को अंजाम देकर महान क्रिकेटर्स इयान बॉथम और गैरी सोबर्स के विशिष्ट क्लब में अपनी जगह बना ली है। इसके साथ ही उन्होंने इस विशिष्ट रिकॉर्ड में साथी खिलाड़ी आर. अश्विन की भी बराबरी कर ली है।

भारत ने वेस्टइंडीज को इस पहले टेस्ट मैच में पारी और 140 रन से हराकर दो मुकाबलों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारतीय टीम ने यह मुकाबला तीसरे ही दिन जीत लिया।

जडेजा ने की अश्विन की बराबरी

रवींद्र जडेजा ने वेस्टइंडीज की पहली पारी में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए, जबकि बल्लेबाजी में उन्होंने शानदार शतक जड़ा। यह चौथी बार है जब उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में यह दोहरा प्रदर्शन किया है। इस प्रदर्शन के साथ ही जडेजा ने भारत के दिग्गज स्पिनर आर. अश्विन की बराबरी कर ली है, जिन्होंने यह कारनामा चार बार किया है।

जडेजा बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'

अब इस विशिष्ट श्रेणी में रवींद्र जडेजा और आर. अश्विन संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए हैं, जबकि इस सूची में इंग्लैंड के महान ऑलराउंडर इयान बॉथम 5 बार के साथ शीर्ष पर कायम हैं। जडेजा के इस मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड दिया गया।

एक ही टेस्ट मैच में शतक और चार से ज़्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड

  • इयान बॉथम- 5
  • गैरी सोबर्स- 4
  • आर अश्विन- 4
  • रवींद्र जडेजा- 4

भारत की बड़ी जीत और वेस्टइंडीज का शर्मनाक रिकॉर्ड

जडेजा के हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम अपनी पहली पारी में महज 162 रन पर सिमट गई। भारतीय बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद, दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की टीम पिछली गलतियों से कोई सबक नहीं ले पाई और सिर्फ 146 रन पर ऑलआउट हो गई।

वेस्टइंडीज की टीम दोनों पारियों में मिलाकर सिर्फ 89.2 ओवर ही खेल सकी। यह भारत के खिलाफ टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज द्वारा खेले गए सबसे कम ओवरों का एक शर्मनाक रिकॉर्ड है। इस शानदार जीत के साथ, टेस्ट क्रिकेट में नंबर 1 ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने अपनी उपयोगिता को एक बार फिर साबित कर दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com