

South Africa reaches the semi-finals of the T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 चरण अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। गुरुवार (26 फरवरी) को खेले गए मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराकर टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा। इस जीत के साथ सुपर-8 ग्रुप-1 की तस्वीर भी काफी हद तक साफ हो गई है। दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि जिम्बाब्वे टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। अब ग्रुप-1 से दूसरे सेमीफाइनलिस्ट का फैसला आखिरी मुकाबले में होगा। वहीं ग्रुप-2 से इंग्लैंड पहले ही अंतिम चार में पहुंच चुका है और श्रीलंका सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी है।
सुपर-8 के शुरुआती मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराया था, जिससे भारतीय टीम की राह मुश्किल नजर आने लगी थी। इसके बाद वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को हराकर स्थिति और चुनौतीपूर्ण बना दी थी। हालांकि गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को मात देकर भारत के लिए समीकरण आसान कर दिए। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने बाकी दोनों मुकाबले जीतने जरूरी थे। टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को हराकर पहला लक्ष्य हासिल कर लिया और अब उसकी नजर अगले निर्णायक मैच पर है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत के बाद भारत के खाते में 2 अंक हो गए हैं। वेस्टइंडीज के भी दो मैचों में 2 अंक हैं और उसका नेट रन रेट भारत से बेहतर जरूर है, लेकिन अब सेमीफाइनल की दौड़ रनरेट नहीं बल्कि जीत-हार से तय होगी। सुपर-8 का आखिरी मुकाबला 1 मार्च को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में जगह बनाएगी। ऐसे में यह मुकाबला पूरी तरह नॉकआउट मैच बन चुका है और दोनों टीमों के लिए करो या मरो की स्थिति होगी।
ग्रुप-2 में भी सेमीफाइनल की जंग दिलचस्प बनी हुई है। शुक्रवार को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा, जिस पर पाकिस्तान की उम्मीदें भी टिकी होंगी। अगर इंग्लैंड इस मैच में जीत दर्ज करता है तो पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें कायम रहेंगी। वहीं न्यूजीलैंड की जीत उसे 5 अंकों के साथ सीधे अंतिम चार में पहुंचा सकती है।
हालांकि पाकिस्तान के लिए सिर्फ इंग्लैंड की जीत काफी नहीं होगी। उसे श्रीलंका के खिलाफ बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी, ताकि नेट रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ा जा सके। ऐसे में सुपर-8 के आखिरी मुकाबले टूर्नामेंट की सेमीफाइनल लाइनअप तय करने वाले साबित होंगे और फैंस को कई रोमांचक मैच देखने को मिल सकते हैं।