

AUS vs PAK: लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 1 फरवरी को खेला गया। इस मैच में पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन उनकी धीमी बल्लेबाजी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई। फिफ्टी के बावजूद बाबर का स्ट्राइक रेट आलोचनाओं के घेरे में रहा और सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल भी किया गया।
इस अहम मुकाबले में बाबर आजम चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने पारी को संभालते हुए अंत तक नाबाद रहते हुए अर्धशतक पूरा किया। बाबर ने 36 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए। हालांकि, टी20 फॉर्मेट के लिहाज से उनका स्ट्राइक रेट 138.89 का रहा, जिसे काफी धीमा माना जा रहा है। अपनी इस पारी के दौरान बाबर के बल्ले से सिर्फ 3 चौके और 1 छक्का निकला, जो उनके कद के बल्लेबाज से अपेक्षित आक्रामकता नहीं दिखा सका।
मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 207 रन बनाए। ओपनर साइम अयूब ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 56 रन बनाए, जबकि शदाब खान ने 19 गेंदों में 46 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूत किया। इन दोनों बल्लेबाजों की तेज तर्रार पारियों के बावजूद बाबर की धीमी बल्लेबाजी फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स को खली।
बाबर आजम की इस पारी के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। फैंस का मानना है कि मौजूदा टी20 क्रिकेट में जहां बल्लेबाज 160-180 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं, वहां बाबर की यह बल्लेबाजी टीम के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। कई यूजर्स ने उनकी तुलना युवा और आक्रामक बल्लेबाजों से करते हुए सवाल उठाए।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद बाबर आजम को पाकिस्तान की टी20 टीम से बाहर कर दिया गया था और वह लंबे समय तक इस फॉर्मेट से दूर रहे। हालांकि, वर्ल्ड कप से ठीक पहले उनकी टीम में वापसी हुई और वह स्क्वाड का हिस्सा भी हैं। लेकिन मौजूदा फॉर्म और स्ट्राइक रेट को देखकर टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ सकती है।
गौर करने वाली बात यह है कि बाबर आजम का बल्ला हाल ही में बिग बैश लीग में भी खास नहीं चला था। वहां भी वह बड़ी और तेज पारियां खेलने में नाकाम रहे। ऐसे में अगर बाबर टी20 वर्ल्ड कप में भी इसी अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं, तो यह पाकिस्तान टीम के लिए बैकफायर साबित हो सकता है।