भारतीय बल्लेबाजों के लिए काल बने शाल्कविक! एक ओवर में झटके 3 विकेट, USA के गेंदबाज ने तोड़ी टीम इंडिया की कमर

Shadley van Schalkwyk: अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक ने टी20 विश्व कप मुकाबले में घातक गेंदबाजी करते हुए एक ही ओवर में ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे को आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया।
भारतीय बल्लेबाजों के लिए काल बने शाल्कविक! एक ओवर में झटके 3 विकेट, USA के गेंदबाज ने तोड़ी टीम इंडिया की कमर
USA टीम के खिलाड़ी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

USA vs IND: टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम का पहला मुकाबला अमेरिका से खेला जा रहा है। इस मैच को भारत के लिए अपेक्षाकृत आसान माना जा रहा था और वानखेड़े स्टेडियम में फैंस को टीम से तेज और विस्फोटक शुरुआत की उम्मीद थी। हालांकि मैच की शुरुआत भारतीय टीम के लिए बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले गोल्डन डक का शिकार हो गए, जिससे टीम को शुरुआती झटका लगा। इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की और रन गति को आगे बढ़ाया, लेकिन पावरप्ले के अंतिम ओवर ने मैच का रुख बदल दिया।

शैडली वैन शाल्कविक का घातक ओवर

पावरप्ले का आखिरी ओवर आम तौर पर बल्लेबाजों के लिए रन बनाने का अच्छा मौका माना जाता है, लेकिन अमेरिकी गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक ने इसी ओवर में भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर ईशान किशन को आउट किया। ईशान ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे मिड ऑफ पर खड़े फील्डर के हाथों में चली गई।

इसके बाद शाल्कविक ने पांचवीं गेंद पर तिलक वर्मा को भी पवेलियन भेज दिया। तिलक पटकी हुई गेंद को सही तरीके से टाइम नहीं कर सके और मिड विकेट पर मोनांक पटेल ने आसान कैच पकड़ लिया। एक ही ओवर में दो बड़े विकेट गिरने से भारतीय टीम दबाव में आ गई।

शिवम दुबे भी नहीं खोल सके खाता

शैडली वैन शाल्कविक यहीं नहीं रुके। उन्होंने भारत के स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे को भी गोल्डन डक पर आउट कर दिया। दुबे धीमी गति की गेंद को समझ नहीं सके और जल्दबाजी में शॉट खेल बैठे। गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर फाइन लेग पर खड़े फील्डर के हाथों में चली गई। इस तरह शाल्कविक ने एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर भारत को बड़ा झटका दिया। अगले ओवर में उनके पास हैट्रिक का मौका भी था, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर रन लेकर यह मौका खत्म कर दिया।

पावरप्ले में भारत की स्थिति

भारतीय टीम अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती है, लेकिन इस मैच में पावरप्ले के दौरान टीम ने 46 रन पर चार विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा दूसरे ओवर में अली खान का शिकार बने थे, जबकि ईशान किशन ने 16 गेंदों में 20 रन और तिलक वर्मा ने 16 गेंदों में 25 रन बनाए। हालांकि पावरप्ले के अंतिम ओवर में शैडली वैन शाल्कविक की घातक गेंदबाजी ने मैच का संतुलन बदल दिया और भारत को बैकफुट पर धकेल दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com