मलेशिया में PM मोदी का ऐतिहासिक स्वागत, कलाकारों ने नृत्य में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड; मिला ये खास सम्मान

PM Modi Malaysia Visit: कुआलालंपुर में पीएम मोदी के स्वागत के दौरान भारतीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य में नया कीर्तिमान स्थापित किया है जिसके लिए उनको 'मलेशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स' से सम्मानित किया गया।
PM Modi receives a historic welcome in Malaysia; artists set a world record in dance; receive this special honor.
मलेशिया में प्रवासी भारतीयों से मिलते पीएम मोदी, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

PM Modi Malaysia News In Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय मलेशिया यात्रा की शुरुआत एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड के साथ हुई है। शनिवार, 7 फरवरी 2026 को कुआलालंपुर में पीएम मोदी के भव्य स्वागत के दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय सांस्कृतिक केंद्र (NSCBICC) के कलाकारों ने पारंपरिक भारतीय नृत्य में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।

सबसे ज्यादा कलाकारों के डांस का रिकॉर्ड

मलेशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने प्रमाणित किया है कि इस कार्यक्रम में पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत करने वाले कलाकारों की संख्या अब तक की सबसे अधिक थी। इस उपलब्धि के लिए NSCBICC को आधिकारिक तौर पर सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। यह आयोजन पीएम मोदी के स्वागत में रखा गया था, जिसमें कलाकारों की कलाकारी ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।

पीएम मोदी और अनवर इब्राहिम की केमिस्ट्री

मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर पहुंचे पीएम मोदी का स्वागत बेहद खास रहा। पीएम मोदी, मलेशियाई प्रधानमंत्री की कार में बैठकर ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे जो दोनों नेताओं के बीच की घनिष्ठता को दर्शाता है। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आपके स्वागत की गर्मजोशी हमारी साझा संस्कृति की सुंदर विविधता को दिखाती है। उन्होंने भारत-मलेशिया दोस्ती के भविष्य को लेकर प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के शब्दों के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

प्रवासी भारतीयों में उत्साह

साल 2015 के बाद दक्षिण-पूर्व एशिया के इस देश की यह पीएम मोदी की तीसरी यात्रा है। कार्यक्रम स्थल पर भारतीय प्रवासी समुदाय का उत्साह चरम पर था। पीएम मोदी ने उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि भारत और मलेशिया की सफलता वास्तव में पूरे एशिया की सफलता है।

क्या है 'मलेशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स'?

इस प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना 1995 में हुई थी। यह मलेशिया की सभी असाधारण उपलब्धियों और कीर्तिमानों का आधिकारिक रिकॉर्ड रखता है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय गौरव और उत्कृष्टता को प्रेरित करना है। इसके संस्थापक दातुक डैनी ओई ने 1990 में इसकी कल्पना की थी ताकि स्थानीय स्तर पर होने वाले महान कारनामों का दस्तावेजीकरण किया जा सके।

रणनीतिक साझेदारी की नई पहल

पीएम नरेन्द्र मोदी की यह यात्रा ऐसे दौर में हो रही है जब भारत इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अपनी स्थिति को और सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मलेशिया के साथ बढ़ता सहयोग भारत को आर्थिक ही नहीं, बल्कि रणनीतिक और कूटनीतिक स्तर पर भी मजबूती प्रदान करता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com