T20 World Cup 2026 में वेस्टइंडीज ने किया जीत के साथ शुरुआत, स्कॉटलैंड को 35 रनों से हराया

ICC Men's T20 World Cup 2026: ग्रुप सी के अपने पहले मैच में वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को 35 रन से हराया। वेस्टइंडीज के लिए शिमरोन हेटमायर और रोमारियो शेफर्ड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल कर ली।
West Indies won by 35 runs
वेस्टइंडीज (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

West Indies vs Scotland, 2nd Match: टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत हो चुकी है। दो बार की विजेता वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत जीत के साथ की है। ग्रुप सी के अपने पहले मैच में वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को 35 रन से हराया। वेस्टइंडीज के लिए शिमरोन हेटमायर और रोमारियो शेफर्ड हीरो बनकर उभरे।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने शिमरोन हेटमायर के 36 गेंदों पर बनाए 64 रन की मदद से 5 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए थे। शिमरोन हेटमायर ने अपनी पारी में 2 चौके और 6 छक्के के साथ 66 रन बनाए थे। हेटमायर के अलावा ब्रैंडन किंग ने 30 गेंद पर 35, रोवमन पॉवेल ने 14 गेंद पर 24 और शरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंद पर 26 रन बनाए थे। स्कॉटलैंड के लिए ब्रैडली करी ने 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट लिए थे, जबकि साफयान शरीफ, ओलिवर डेविडसन और माइकल लिस्क को 1-1 विकेट मिला था।

स्कॉटलैंड की खराब शुरुआत

वेस्टइंडीज के दिए 183 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी स्कॉटलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को पहला झटका 7 के स्कोर पर माइकल जोंस के रूप में लगा। जोंस 1 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे विकेट के लिए जॉर्ज मुंसे और ब्रैंडन मैकमुलेन के बीच 30 रन की साझेदारी हुई। मुलेन 12 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हुए। 37 के स्कोर पर मुंसे भी 19 रन बनाकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हो गए।

इस समय लग रहा था कि स्कॉटलैंड की पारी जल्द समाप्त हो जाएगी, लेकिन कप्तान रिची बेरिंगटन और टॉम ब्रूस ने चौथे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी कर टीम की वापसी कराई। 115 के स्कोर पर बेरिंगटन चौथे विकेट के रूप में 24 गेंद पर 42 रन बनाकर आउट हो गए। 122 के स्कोर पर ब्रूस भी 28 गेंद पर 35 रन बनाकर आउट हो गए। इन दोनों का विकेट गिरने के बाद स्कॉटलैंड की हार लगभग तय हो गई थी।

एक ओवर में शेफर्ड ने लिए 4 विकेट

16 ओवर के बाद स्कॉटलैंड का स्कोर 5 विकेट पर 132 रन था। आखिरी 4 ओवर में 51 रन की जरूरत थी और टीम के पास 5 विकेट शेष थे। ऐसा लग रहा था कि शायद टीम संघर्ष करे, लेकिन वेस्टइंडीज की तरफ से 17वां ओवर रोमारियो शेफर्ड आए। शेफर्ड ने इस ओवर में हैट्रिक सहित 4 विकेट लेकर वेस्टइंडीज की जीत निश्चित कर दी। स्कॉटलैंड 18.5 ओवर में 147 रन पर सिमट गई और 35 रन से मैच हार गई।वेस्टइंडीज के लिए रोमारियो शेफर्ड ने 3 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट लिए। जेसन होल्डर ने 3, जबकि शमार जोसेफ और गुडाकेश मोती ने 1-1 विकेट लिए।

Navbharat Live
navbharatlive.com