विराट कोहली (फोटो-सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क: विराट कोहली ने इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 12 मई को विराट ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में 20 जून 2011 को डेब्यू किया था। उसके बाद से लेकर विराट भारतीय टीम के लिए एक मजबूत कड़ी रहे थे। विराट ने 123 टेस्ट मैचों के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है।
123 टेस्ट मैचों में कोहली ने कई यादगार पारियां खेलीं, जिनमें 7 दोहरे शतक शामिल हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सात दोहरे शतकों के साथ इस प्रारूप के दिग्गज के रूप में अपनी पहचान बनाई जो किसी भारतीय खिलाड़ी के लिए सबसे अधिक है। वह महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर (4), सचिन तेंदुलकर (6), वीरेंद्र सहवाग (6) और राहुल द्रविड़ (5) से काफी आगे है। आईए जानते हैं कि विराट ने किस टीम के खिलाफ दोहरा शतक बनाया है।
भारत ने 2016 में वेस्टइंडीज का दौरा किया था, जहां जुलाई-अगस्त में चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली गई थी। 21 से 25 जुलाई तक एंटीगुआ के नॉर्थ साउंड में सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेले गए सीरीज के पहले मैच में कोहली जेसन होल्डर की टीम के खिलाफ पहली पारी में भारत के लिए नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने उतरे और 24 चौकों की मदद से 283 गेंदों पर 200 रन बनाए। यह टेस्ट क्रिकेट में उनका पहला दोहरा शतक था और 200 रन की पारी की बदौलत भारत ने मैच एक पारी और 92 रनों के अंतर से जीत लिया।
न्यूजीलैंड के भारत दौरे के तीसरे टेस्ट में, जो 8 से 12 अक्टूबर तक इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला गया था। इस टेस्ट में कोहली ने पहली पारी में 366 गेंदों पर 211 रन बनाए। क्रीज पर रहने के दौरान उन्होंने 20 चौके लगाए और अजिंक्य रहाणे (188 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 365 रन जोड़े। दो अनुभवी मध्यक्रम बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने यह मैच 321 रन से जीत लिया और न्यूजीलैंड का सफाया कर दिया।
कोहली ने 8 से 12 दिसंबर तक मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के विरुद्ध खेले गए पांच मैचों की श्रृंखला के चौथे टेस्ट के दौरान 2016 का अपना तीसरा दोहरा शतक बनाया। कोहली ने 340 गेंदों पर 235 रन (25 चौके, 1 छक्का) बनाए और स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर जयंत यादव (104 रन) के साथ आठवें विकेट के लिए 241 रन जोड़े। कप्तान के रूप में कोहली के तीसरे दोहरे शतक ने मेजबान टीम को पारी और 36 रन से मैच जीतने में मदद की।
विराट कोहली ने 9 से 13 फरवरी 2017 तक हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बांग्लादेश के विरुद्ध खेले गए एकमात्र टेस्ट में भारत की पहली पारी के दौरान टेस्ट क्रिकेट में अपना चौथा दोहरा शतक बनाया। कोहली ने 24 चौकों की मदद से 246 गेंदों पर 204 रन बनाए।
24 से 28 नवंबर तक नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए 2017 भारत-श्रीलंका सीरीज़ के दूसरे टेस्ट में, कोहली ने दिनेश चांदीमल की टीम के विरुद्ध 267 गेंदों पर 213 रन बनाए और मेजबान टीम को पारी और 239 रनों से मैच जीतने में मदद की।
कोहली विनोद कांबली के बाद टेस्ट क्रिकेट में लगातार दो दोहरे शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज़ बन गए, जब उन्होंने 2 से 6 दिसंबर, 2017 तक दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए भारत-श्रीलंका सीरीज़ के तीसरे टेस्ट के दौरान पहली पारी में 287 गेंदों पर 25 चौकों की मदद से कुल 243 रन बनाए। हालांकि, अपने घरेलू प्रशंसकों के सामने कोहली की यह पारी भारत को मैच जीतने में मदद करने के लिए पर्याप्त नहीं थी और यह मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
कोहली ने 2019 में 10 से 14 अक्टूबर तक पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेले गए दूसरे भारत-दक्षिण अफ्रीका टेस्ट की पहली पारी के दौरान टेस्ट क्रिकेट में अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर दर्ज किया। वह 336 गेंदों पर 254 रन बनाकर नाबाद रहे और क्रीज पर रहने के दौरान 33 चौके और दो छक्के लगाए।
BCCI ने विराट कोहली को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने पर किया मजबूर, असली वजह अब आई सामने
रन | गेंदें | चौके | छक्के | पारी | विपक्षी टीम | स्थान | तारीख |
---|---|---|---|---|---|---|---|
200 | 283 | 24 | 0 | पहली | वेस्टइंडीज | नॉर्थ साउंड | जुलाई 2016 |
211 | 366 | 20 | 0 | पहली | न्यूज़ीलैंड | इंदौर | अक्टूबर 2016 |
235 | 340 | 25 | 1 | दूसरी | इंग्लैंड | मुंबई (WS) | दिसंबर 2016 |
204 | 246 | 24 | 0 | पहली | बांग्लादेश | हैदराबाद | फ़रवरी 2017 |
213 | 267 | 17 | 2 | दूसरी | श्रीलंका | नागपुर | नवंबर 2017 |
243 | 287 | 25 | 0 | पहली | श्रीलंका | दिल्ली | दिसंबर 2017 |
254* | 336 | 33 | 2 | पहली | दक्षिण अफ्रीका | पुणे | अक्टूबर 2019 |