'कपड़े जलकर राख, शरीर से निकलता खून', 15 से अधिक मौत, जैसलमेर हादसे के गवाह की आपबीती दिल दहला देगी

Jaisalmer से जोधपुर जा रही एक निजी बस में मंगलवार दोपहर आग लगने से 15 से अधिक लोगों की मौत की आशंका है। चश्मदीद ने बताया कि महिलाएं इतनी बुरी तरह झुलसी थीं कि उनके पूरे कपड़े जल गए थे।
rajasthan bus caught fire
जैसलमेर बस हादसे में कई लोगों की दर्दनाक मौत, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Jaisalmer Bus Fire Accident: राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार दोपहर एक निजी बस में अचानक आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। जैसलमेर से जोधपुर जा रही बस थईयात गांव के पास जल उठी। इस भयावह अग्निकांड में 15 से अधिक लोगों की मौत की हुई है। हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि चश्मदीदों के रोंगटे खड़े हो गए।

मंगलवार दोपहर जैसलमेर में हुई इस हृदयविदारक घटना को लेकर मौके पर मौजूद चश्मदीद लोगों ने पूरा मंजर बयां किया है। चश्मदीद ने बताया कि जब उन्होंने धुंआ उठते देखा तो वे नजदीक पहुंचे। उन्होंने देखा कि काफी लोग बुरी तरह से जख्मी थे, उनकी चमड़ी जली हुई थी और जगह-जगह से खून निकल रहा था।

चश्मदीद ने बताया मंजर

चश्मदीद ने बताया कि घटनास्थल पर हालात बेहद दर्दनाक थे। महिलाओं की इतनी बुरी हालत थी कि उनके पूरे कपड़े जले हुए थे। वहां मौजूद लोगों से कपड़े मांगकर महिलाओं पर डाले गए। उन्होंने बताया कि करीब 15 लोग सड़क पर बदहवास हालत में इधर-उधर पड़े हुए थे। कुछ लोग पेड़ के नीचे बेसुध पड़े थे, तो कुछ सड़क पर। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और हौसला दिया। कुछ देर बाद एंबुलेंस आई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

अचानक लगी आग, प्रशासन ने शुरू की जांच

पुलिस के अनुसार, यह घटना अपराह्न करीब तीन बजे तब हुई जब बस जैसलमेर से जोधपुर जा रही थी। बस जैसे ही थईयात गांव के पास पहुंची, उसके पिछले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा और चालक ने बस को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया। हालांकि, कुछ ही पलों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यात्रियों को निकलने का ज्यादा मौका नहीं मिला। स्थानीय निवासी और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने बचाव कार्य में मदद की।

इस हादसे की सूचना दमकल और पुलिस को दी गई। घायल यात्रियों को तुरंत इलाज के लिए जैसलमेर के जवाहर अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल, आग लगने के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

इस भयानक हादसे पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री शर्मा ने घटना को हृदयविदारक बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के समुचित उपचार और प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। जैसलमेर के जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने भी घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत एवं चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com