

Nagpur News In Hindi: नागपुर के पंजाबराव कृषि विद्यापीठ में पढ़ने वाला एक छात्र साथ पढ़ने वाली छात्रा की ब्लैकमेलिंग से इस कदर परेशान हो गया कि उसने फांसी लगा ली। सुसाइड नोट और प्रकरण से जुड़े लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने काटोल में रहने वाली गुंजन नामक छात्रा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने करने का मामला दर्ज किया है।
ईश्वरलाल कंवरलाल चौधरी (21) मूलत: बाडमेर राजस्थान का रहने वाला था। वह पीकेवी में बीएससी एग्रीकल्चर के 7वें सेमिस्टर में पढ़ रहा था। गुंजन भी कॉलेज में उसके साथ पढ़ती थी।
1 अक्टूबर को ईश्वर अपने कमरे से बाहर नहीं आया तो सहपाठियों ने हॉस्टल के कमरे की खिड़की से भीतर झांका। ईश्वर फंदे पर लटका दिखाई दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ईश्वर के कमरे में पुलिस को 2 पन्नों का सुसाइड नोट मिला जिसमें उसने लिखा था कि वह पिछले 6 महीने से बहुत परेशान है। ‘मैं माता-पिता इकलौता बेटा हूं। अपने परिवार से गद्दारी कर रहा हूं लेकिन और कोई चारा नहीं है। मुझे ब्लैकमेल और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।’ पुलिस ने सुसाइड जब्त करने के साथ ही ईश्वर के मोबाइल की छानबीन की। मोबाइल में गुंजन और ईश्वर के बीच हुई चैटिंग में कई सनसनीखेज जानकारी सामने आई। ईश्वर के साथ पढ़ने वाले छात्र और रिश्तेदारों से पूछताछ करने पर भी गुंजन द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई जिसके बाद पुलिस ने गुंजन पर आत्महत्या के लिए उकसाने करने का मामला दर्ज किया।
ईश्वर से संबंधित लोगों ने बताया कि गुंजन और उसके बीच पिछले 2 वर्ष से प्रेम संबंध थे। दोनों साथ घूमते थे लेकिन पिछले 6 महीने से वह बहुत परेशान और तनाव में था। उसने सभी को बताया था कि गुंजन उससे छोटी-छोटी बातों पर हमेशा विवाद करती है। इसकी वजह से दोनों के संबंधों में खटास आ गई।
इसके बाद से गुंजन ईश्वर पर विवाह करने के लिए दबाव डाल रही थी। समय-समय पर उससे पैसों की मांग की जाती थी। इस वजह से वह तनाव में था और यही आत्महत्या की वजह बनी।
ईश्वर की राजस्थान में ही शादी हुई थी जिसके बाद वह पढ़ाई करने नागपुर आ गया था। उसने अपने रिश्तेदारों को भी गुंजन की प्रताड़ना के बारे में बताया था। रिश्तेदार ने इस संबंध में ईश्वर की पत्नी और परिजनों से चर्चा की।
ईश्वर की पत्नी तुरंत उससे मिलने के लिए ट्रेन से नागपुर के लिए रवाना हुई लेकिन इसके पहले वह मौत को गले लगा चुका था। ईश्वर ने अपने सुसाइड नोट में लिखा था कि उसने आत्महत्या करने की बात गुंजन से की थी लेकिन गुंजन ने ‘कोई फर्क नहीं पड़ता कहा।’
ईश्वर की पत्नी ने कहा कि देश का कानून मेरा साथ देगा। उसने सुसाइड नोट में लिखा था कि लड़कियां कानून का दुरुपयोग कर रही हैं। पीएम से समान कानून लागू करने का भी निवेदन किया था।