हैदराबाद में यूट्यूबर ने की खुदकुशी: मां को भेजा 'आई लव यू' मैसेज और लगा ली फांसी, ब्रेकअप बना कारण!

YouTuber Komali Suicide Note: हैदराबाद में 21 वर्षीय यूट्यूबर कोमाली ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुसाइड से पहले उसने कुवैत में रह रही मां को आखिरी मैसेज भेजा। पुलिस को प्रेम प्रसंग में विवाद का शक है।
telangana suicide case
यूट्यूबर कोमाली ने फांसी लगाकर जान दे दी, फोटो- सोशल मीडिया
Updated on

Hyderabad YouTuber Suicide: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक उभरती हुई यूट्यूबर की खुदकुशी ने सनसनी फैला दी है। 21 साल की बोनू कोमाली ने अपने किराए के फ्लैट में मौत को गले लगा लिया। सुसाइड से पहले अपनी मां को भेजे गए उनके आखिरी शब्दों ने हर किसी की आंखों में आंसू ला दिए हैं।

यह दुखद कहानी सोमवार तड़के शुरू हुई। मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम की रहने वाली बोनू कोमाली, जो हैदराबाद में रहकर BSc की पढ़ाई कर रही थी, ने सोमवार सुबह करीब 1:34 बजे अपनी मां बी. सत्य वरलक्ष्मी को एक आखिरी पैगाम भेजा। मैसेज में लिखा था- "आई लव यू मम्मी सो मच। छोटे भाई का अच्छे से ख्याल रखना।"

कुवैत में रहती है मां

कोमाली की मां कुवैत में एक बेबीसिटर के तौर पर काम करती हैं। जैसे ही उन्होंने यह मैसेज पढ़ा, वे बुरी तरह घबरा गईं। उन्होंने तुरंत कोमाली को फोन मिलाया, लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा था। लगातार कोशिशों के बाद जब संपर्क नहीं हो सका, तो उन्होंने हैदराबाद में कोमाली की एक सहेली, मनसा को फोन कर फौरन फ्लैट पर जाने को कहा।

दोस्त ने तोड़ा दरवाजा तो उड़ गए होश: पंखे से लटक रहा था शव

दोपहर करीब 3:00 बजे जब मनसा कोमाली के किराए के फ्लैट पर पहुंची, तो दरवाजा अंदर से बंद था। बार-बार दस्तक देने और आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचित किया गया। रैदुर्गम पुलिस इंस्पेक्टर चेन्ना वेंकन्ना के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जब कमरे की सिटकनी तोड़ी, तो अंदर का नजारा भयावह था। 21 साल की कोमाली छत के पंखे से साड़ी के फंदे के सहारे लटकी हुई थी। कमरे में पास ही एक सीढ़ी और साड़ी पड़ी मिली, जिसका इस्तेमाल उसने फंदा बनाने के लिए किया था।

ग्लैमरस यूट्यूब लाइफ और एकांत का संघर्ष

कोमाली पिछले 11 महीनों से हैदराबाद के इस अपार्टमेंट में अकेली रह रही थी। वह एक पार्ट-टाइम यूट्यूबर थी और अपने चैनल पर लाइफस्टाइल, पर्सनल ब्लॉग और डेली रूटीन के वीडियो शेयर करती थी। सोशल मीडिया पर उसकी जिंदगी काफी ग्लैमरस और खुशहाल नजर आती थी, लेकिन हकीकत में वह एक गहरे मानसिक द्वंद्व से गुजर रही थी। पुलिस के अनुसार, वह काफी समय से अपने व्यक्तिगत संबंधों को लेकर परेशान थी, जिसका असर उसकी पढ़ाई और मानसिक स्थिति पर पड़ रहा था।

3 साल का प्यार और एक अधूरा अंत: 'लव फेलियर' बनी वजह?

पुलिस की शुरुआती जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे प्रेम प्रसंग में विफलता की ओर इशारा करते हैं। कोमाली पिछले तीन साल से एक 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ रिलेशनशिप में थी, जो खुद भी एक यूट्यूबर है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच गंभीर मनमुटाव चल रहा था और हाल ही में उनका ब्रेकअप हो गया था।

इस रिश्ते के टूटने से कोमाली भावनात्मक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थी। हैदराबाद पुलिस ने खुलासा किया कि भावनात्मक दबाव के कारण कोमाली ने करीब छह महीने पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन तब उसके परिवार ने उसे बचा लिया था। इस बार वह घर में अकेली थी और डिप्रेशन के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

पुलिस जांच और डिजिटल साक्ष्यों की तलाश

पुलिस ने इस मामले को संदिग्ध मौत के तौर पर दर्ज किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए ओस्मानिया जनरल हॉस्पिटल भेज दिया गया है। जांच अधिकारी कोमाली के मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड्स, व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रहे हैं। उसके सॉफ्टवेयर इंजीनियर दोस्त और अन्य करीबी रिश्तेदारों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या खुदकुशी के लिए किसी ने उसे उकसाया था या यह केवल भावनात्मक टूटन का नतीजा था।

Navbharat Live
navbharatlive.com