Maharashtra News: पुणे में घर खरीदना हुआ महंगा, एक साल में कीमतें 11.8% बढ़ीं

Real Estate Sector Pune: पुणे में बीते एक साल में घरों की कीमतों में 11.8% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसत रेट 7,367 रुपये प्रति वर्ग फुट पहुंच गया, जबकि मांग और बिक्री स्थिर बनी हुई है।
Real Estate Price Hike 2026
पुणे रियल स्टेट सेक्टर (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pune News In Hindi: महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी और आईटी हब पुणे में घर खरीदना अब पहले के मुकाबले काफी महंगा हो गया है। कोरोना महामारी के संकट के बाद से रियल एस्टेट सेक्टर में जो तेजी आई थी, वह अब अपने चरम पर पहुंच गई है।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक साल में पुणे में घरों की कीमतों में 11.8 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। यह बीते चार वर्षों में सालाना आधार पर हुई अब तक की सबसे अधिक बढ़ोतरी है। इस उछाल के कारण पुणे में घरों की औसत कीमत अब 7,367 रुपये प्रति वर्ग फुट के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है।

पिछले साल 90 हजार घरों की बिक्री

पुणे रियल एस्टेट सेक्टर की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, साल 2025 में पुणे में लगभग 90 हजार घरों की बिक्री हुई। हालांकि, बिक्री की कुल संख्या में साल 2024 के मुकाबले कोई बहुत बड़ा अंतर नहीं देखा गया, लेकिन प्रॉपर्टी की वैल्यू और कीमतों में 11.8 प्रतिशत का इजाफा दर्ज हुआ। यह वृद्धि मुख्य रूप से निर्माण लागत में बढोतरी और प्रीमियम सेगमेंट वाले घरों की बढ़ती मांग के कारण हुई है।

मांग और बिक्री का ग्राफ स्थिर

  • दिलचस्प बात यह है कि कीमतों में इतनी अधिक वृद्धि होने के बावजूद बाजार में ग्राहकों का उत्साह ठंडा नहीं पड़ा है। घरों की मांग और बिक्री का ग्राफ स्थिर बना हुआ है। इसका सबसे बड़ा कारण होम लोन की ब्याज दरों में हुई कटौती को माना जा रहा है। ।
  • आंकड़ों का विश्लेषण करें तो, 20 साल की अवधि वाले होम लोन की मासिक किस्त, जो पहले 8.75 प्रतिशत की दर से प्रति लाख रुपये पर 883 रुपये हुआ करती थी, वह अब 7.5 प्रतिशत की दर से घटकर 805 रुपये प्रति लाख रह गई है। ब्याज दरों में आई इस कमी ने बढ़ती कीमतों के वित्तीय बोझ को संतुलित कर दिया है, जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर खरीदना अभी भी संभव बना हुआ है।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com