
कृष्णा खोपड़े (सौजन्य-सोशल मीडिया)
BJP Victory East Nagpur: पूर्व नागपुर के भाजपा विधायक ने मनपा चुनाव में उनके विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की बुरी तरह पराजय का जिम्मेदार कांग्रेस नेताओं को बताया है। उन्होंने कहा कि अपने 50 वर्षों के कार्यकाल में इस क्षेत्र को विकास से वंचित रखने वाले नेताओं को यहां के मतदाताओं ने सबक सिखाकर कांग्रेस का सूपड़ा ही साफ कर दिया।
उन्होंने कहा कि मेरे बीते 10 वर्षों के कार्यकाल में पूर्व नागपुर ने जो विकास का मॉडल साधा है वह अन्य क्षेत्रों के लिए उदाहरण बन गया है। उन्होंने इस चुनाव में मतदाता सूची में हुई भारी गड़बड़ियों के लिए मनपा प्रशासन को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि 50,000 वोटर्स मतदान से वंचित रहे जिसके कारण ही मतदान का प्रतिशत सिर्फ 50 प्रतिशत तक रहा। यह प्रशासन के कामकाज पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
दूर-दूर स्थित मतदान केंद्र, एक प्रभाग का मतदान केंद्र दूसरे प्रभाग में होना, मतदाता सूची के टुकड़े-टुकड़े किए जाने के कारणों से नाम मतदाता सूची में होने के बावजूद मतदान केंद्र की सूची में नाम नहीं मिला। एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों में दर्ज थे।
प्रशासन की इस गलती के कारण संविधान द्वारा दिए गए मताधिकार का प्रयोग अनेक नागरिक नहीं कर सके जिसके परिणामस्वरूप पूर्व नागपुर के सभी 10 प्रभागों में लगभग 50,000 नागरिक मतदान नहीं कर पाए।
कृष्णा खोपड़े ने कहा कि वर्ष 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में पूर्व नागपुर में 2.48 लाख मतदान हुआ था, जबकि मनपा चुनाव में 1.50 लाख से भी कम मतदान हुआ। इससे प्रशासन की लापरवाही स्पष्ट रूप से सामने आती है। यदि 2024 की मतदाता सूची का उपयोग किया गया होता और उतने ही बूथ बनाए गए होते तो मतदान प्रतिशत 80 प्रतिशत तक पहुंच सकता था।
यह भी पढ़ें – टाइगर अभी जिंदा है…वडेट्टीवार की चाणक्य नीति ने फंसाया पेंच, प्रतिभा धानोरकर के पास भी 12 पार्षद ‘महफूज’
यह गली-मोहल्लों का चुनाव होने के कारण सभी उम्मीदवार मतदाताओं को बाहर लाने के लिए उत्साहित थे और मतदाता भी उत्साह में थे लेकिन मतदाता सूची ही फर्जी और त्रुटिपूर्ण थी। उन्होंने कहा कि पूर्व नागपुर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पूरी तरह साफ हो चुकी है और मनपा चुनाव में 99.99 प्रतिशत उसका सूपड़ा साफ हो गया है। लकड़गंज ज़ोन क्रमांक 8 में सभी 16 नगरसेवक भाजपा के चुने गए हैं और कांग्रेस शून्य पर सिमट गई है।






