Nagpur News: 6 सीटों पर सीधी भिड़ंत, 23 प्रभागों में त्रिकोणीय मुकाबले से रोमांच बढ़ा

Nagpur Corporation Polls: नागपुर महानगरपालिका चुनाव में 6 प्रभागों में कांग्रेस-भाजपा की सीधी भिड़ंत और 23 प्रभागों में त्रिकोणीय मुकाबले ने चुनावी रोमांच को चरम पर पहुंचा दिया है।
Nagpur Municipal Election
Nagpur Corporation Polls:नागपुर महानगरपालिका चुनाव (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Nagpur Municipal Election: नागपुर शहर में होने वाले महानगरपालिका चुनाव का प्रचार अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। मतदान में अब केवल तीन दिन शेष रह गए हैं, जबकि उम्मीदवारों के पास मतदाताओं तक पहुंचने के लिए सिर्फ दो दिन का समय बचा है। शहर के कुल 37 प्रभागों की स्थिति अब लगभग स्पष्ट हो चुकी है। इनमें छह प्रभागों में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है, जबकि 23 प्रभागों में त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना ने चुनावी रोमांच को और बढ़ा दिया है।

चुनावी समीकरणों पर नजर डालें तो प्रभाग क्रमांक 15-ब (रामदासपेठ, धरमपेठ) में कांग्रेस के संदेश सिंगलकर और भाजपा के पूर्व पार्षद सुनील हिरणवार के बीच सीधी भिड़ंत है। वहीं, प्रभाग 12-ब (अनुसूचित जनजाति) में भाजपा की पूर्व महापौर माया इवनाते का मुकाबला कांग्रेस के ओमप्रकाश वाडवे से है। उल्लेखनीय है कि इवनाते ने 2017 में पुरुष उम्मीदवारों को पराजित कर जीत दर्ज की थी।

अन्य सीधी टक्कर वाले प्रभाग

  • प्रभाग 14-ब (ST महिला): माधुरी टेकाम (भाजपा) बनाम अंजना मडावी (कांग्रेस)
  • प्रभाग 25-ब (OBC): श्रीकांत कैकाडे (कांग्रेस) बनाम राजेश्वर दिवटे (भाजपा)
  • प्रभाग 28-अ (OBC): पूर्व पार्षद पिंटू झलके (भाजपा) बनाम राहुल अभंग (कांग्रेस)
  • प्रभाग 29-ब: रामचंद्र गजभे (कांग्रेस) बनाम योगेश मडावी (भाजपा)

त्रिकोणीय मुकाबलों ने बढ़ाई बेचैनी

23 प्रभागों में हो रहे त्रिकोणीय मुकाबलों ने चुनावी समीकरणों को और अधिक रोचक बना दिया है। विशेष रूप से महिला आरक्षित सीटों पर मुकाबला कड़ा है। प्रभाग 1-ब (OBC महिला) में पूर्व पार्षद सुषमा चौधरी, कांग्रेस की सुनीता महल्ले और बसपा की पूर्व पार्षद कविता लांडगे के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिल रहा है।

इसी तरह प्रभाग 15-ब में भाजपा की पूर्व पार्षद संगीता गिरहे, कांग्रेस की स्नेहल ठाकरे और आम आदमी पार्टी की तनुजा घोडमारे मैदान में हैं। मध्य नागपुर के प्रभाग 8-अ में कांग्रेस की सैय्यदा मुस्कान, शिंदे गुट की शिवसेना की कृतिका गोन्नाडे और निर्दलीय निर्मला अंजीकर के बीच मुकाबला है। प्रभाग 28-ब में ठाकरे गुट की शिवसेना की मंगला गवरे, भाजपा की नंदा येवले और कांग्रेस की वैशाली वानखेडे आमने-सामने हैं।

पुरुष उम्मीदवारों के बीच भी दिलचस्प जंग

कुछ प्रभागों में पुरुष उम्मीदवारों के बीच भी त्रिकोणीय मुकाबला खासा दिलचस्प हो गया है। प्रभाग 14-अ में भाजपा के विनोद कन्हेरे, कांग्रेस के अजय साखळे और राकांपा (अजित पवार गुट) के मुकेश कनोजिया के बीच कड़ा संघर्ष है। इसी तरह प्रभाग 37-ब में भाजपा के संजय उगले, कांग्रेस के मंगेश कामोने और बसपा के अमोल हाडके चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। सीधी और त्रिकोणीय भिड़ंतों के कारण चुनावी तापमान चरम पर है। सभी उम्मीदवार ‘अब नहीं तो कभी नहीं’ की रणनीति अपनाते हुए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com