मुक्तिपथ तहसील स्तरीय समन्वय समिति की बैठक, नशामुक्ति के लिए ‘एक्शन प्लान’ तैयार, जांच मुहिम के निर्देश

Muktipath Meeting Etapalli: गड़चिरोली के एटापल्ली में मुक्तिपथ समन्वय समिति की बैठक में गांवों को नशामुक्त बनाने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया गया और विशेष जांच मुहिम के निर्देश दिए गए।
Anti Drug Campaign Gadchiroli
Alcohol tobacco free villages (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Anti Drug Campaign Gadchiroli: एटापल्ली तहसील के गांवों और शहर को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के लिए तहसीलदार हेमंत गांगुर्डे ने विशेष पथक द्वारा जांच मुहिम चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों, छात्रावासों और सरकारी कार्यालयों में नशा करते हुए पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही अवैध विक्रेताओं के खिलाफ ‘एक्शन प्लान’ के तहत विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया गया है। एटापल्ली तहसील कार्यालय में मुक्तिपथ तहसील स्तरीय समन्वय समिति की जायजा बैठक तहसीलदार हेमंत गांगुर्डे की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

विभिन्न विभागों के अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित

बैठक में तहसील स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भूषण चौधरी, मुक्तिपथ के किशोर मलेवार, उमेद के तहसील व्यवस्थापक प्रमोद घटे, उपकृषि अधिकारी बी. एस. परसवार, पुलिस कर्मी मोहन शिंदे, समुपदेशक एस. डी. श्रीरामे, आकाश भोयर, बलवंत सुरजागडे, सुरेखा दुर्गे, विशाखा मूरमूरवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित थे।

गांवों को शराब और खर्रा मुक्त करें: गांगुर्डे

जायजा बैठक में तहसीलदार गांगुर्डे ने एटापल्ली शहर सहित तहसील के सभी गांवों को पूरी तरह शराब, तंबाकू और खर्रा मुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने, सभी सरकारी व निजी कार्यालयों में विशेष पथक द्वारा जांच करने तथा कार्यालयों में नशा करते पाए गए व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा स्कूलों और सरकारी छात्रावासों में व्यापक जनजागृति अभियान चलाकर परिसर को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के निर्देश भी दिए गए।

मुक्तिपथ ने 3 माह की प्रगति रिपोर्ट पेश की

बैठक में मुक्तिपथ के तहसील संगठक किशोर मलेवार ने पिछले तीन महीनों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट के अनुसार 34 गांवों में ‘शक्तिपथ स्त्री संगठन’ की बैठकों के माध्यम से 1,861 महिलाओं को मासिक धर्म, कमजोरी और मलेरिया संबंधी मार्गदर्शन दिया गया तथा टॉनिक गोलियों का वितरण किया गया।

167 स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित कर 10,385 छात्रों को नशामुक्ति संबंधी जानकारी दी गई।पुलिस विभाग के सहयोग से 74 स्थानों पर शराब विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। सुरजागड़ और तुमरगुंडा यात्राओं को पूरी तरह शराब-तंबाकू मुक्त रखा गया तथा नशा उपचार शिविरों के माध्यम से 220 मरीजों का समुपदेशन किया गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com