Nagpur: कहीं सीधी भिड़ंत तो कहीं बहुकोणीय मुकाबला, रोमांचक होगा इस बार का मनपा चुनाव, जानें समीकरण

Nagpur Municipal Corporation Elections: नागपुर मनपा चुनाव 2026 के लिए 151 सीटों पर 992 उम्मीदवार उतरे। प्रभाग 25, 1 और 17 में रोचक मुकाबला। भाजपा-कांग्रेस की सीधी टक्कर में निर्दलीय बने चुनौती।
NMC Election Candidates List ward analysis
मनपा चुनाव (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

NMC Election Candidates List: करीब 8 वर्ष बाद हो रहा नागपुर महानगर पालिका का चुनाव बेहद ही रोमांचक होने वाला है। वैसे तो इस शहर में पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पार्टियों भाजपा और कांग्रेस के बीच ही मुकाबला होता आया है। दोनों ही पार्टियों की सत्ता मनपा में रही है लेकिन बीते 3 टर्म में भाजपा ने अपना भगवा लहराया था। इस बार कांग्रेस ने अपना झंडा फड़काने के लिए अलग तरह की नीति बनाई है। उसने सभी 151 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

भाजपा ने 143 सीटों पर प्रत्याशी दिये हैं और सहयोगी दल शिंदे सेना के लिए 8 सीटें छोड़ी हैं। चुनाव चिन्ह का वितरण हो गया है और चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। कई प्रभागों में अन्य दलों ने अपने उम्मीदवार उतारकर जहां मुकाबला बहुकोणीय कर दिया है तो किसी प्रभाग में केवल 2, 3 या फिर 4 उम्मीदवार ही मैदान में हैं। इससे भिड़ंत सीधी या फिर त्रिकोणी हो गई है।

प्रभाग 25 में रोचक स्थिति

प्रभाग 25 अ एससी महिला के लिए आरक्षित है। यहां भाजपा व कांग्रेस में सीधी टक्कर होती दिख रही है। हालांकि उद्धव सेना ने भी अपना उम्मीदवार उतारा है। 23 ब ओबीसी में तो केवल 2 ही उम्मीदवारों के बीच टक्कर है। यहां से बीजेपी व कांग्रेस ने ही प्रत्याशी उतारे हैं। इनके अलावा और कोई मैदान में नहीं है। 25 क में भी तीन ही उम्मीदवार हैं।

भाजपा व कांग्रेस के अलावा एक निर्दलीय है। स्वाभाविक है दोनों पार्टियों के बीच सीधा मुकाबला होगा। ओपन सीट 25 से जरूर 8 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां बीजेपी, कांग्रेस के अलावा राकां शरद पवार, बीएसपी, मनसे ने भी उम्मीदवार उतार दिया है। ऐसा ही कुछ हाल उत्तर नागपुर के प्रभाग 1 का है।

यहां 1 अ में 8 उम्मीदवार हैं। भाजपा, कांग्रेस के साथ ही राकां अजीत पवार, बीएसपी, आप ने उम्मीदवार उतारा है लेकिन 1 ब में भाजपा, कांग्रेस व बसपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला बन रहा है। 1 क में तो भाजपा व कांग्रेस में सीधी टक्कर दिख रही है क्योंकि इनके सहित 2 निर्दलीय ही मैदान में हैं। 1 ड में भाजपा व कांग्रेस के दिग्गज उम्मीदवारों के बीच टक्कर दिख रही है। उद्धव सेना ने भी प्रत्याशी दिया है।

यहां हैं भरपूर उम्मीदवार

कुछ प्रभागों में सभी वर्ग से काफी उम्मीदवार मैदान में हैं जिसके चलते बहुकोणीय मुकाबले की स्थिति बन गई है। प्रभाग 17 ड में तो 12 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं जो मुख्य प्रतिद्वंद्वियों कांग्रेस व बीजेपी के लिए खतरा भी बन सकते हैं। कौन किसके वोट काटेगा या फिर पछाड़ते हुए सीट ही ले जाएगा, कहा नहीं जा सकता।

यहां 17 अ से 7, ब से 8 और क से 7 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रभाग 5 ड ओपन वर्ग से कुल 18 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। 5 अ, ब, क से भी 6-7 उम्मीदवार हैं। प्रभाग 20 ड में 13 उम्मीदवार डटे हुए हैं। इस प्रभाग के एसटी महिला के लिए आरक्षित वर्ग ब में कांग्रेस, भाजपा व बसपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला नजर आ रहा है।

यूबीटी ने उतारे सारे

प्रभाग 24 के चारों वर्ग के लिए उद्धव ठाकरे शिवसेना ने उम्मीदवार उतार कर कांग्रेस व भाजपा की सीधी टक्कर को त्रिकोणीय करने का प्रयास किया है। स्वाभाविक रूप से वह भाजपा के वोट बैंक में सेंध लगा सकती है लेकिन उसका जोर कितना होगा यह तो परिणाम आने पर ही पता चला चलेगा। प्रभाग 24 अ में बीजेपी, कांग्रेस व यूबीटी के अलावा केवल एक निर्दलीय उम्मीदवार है।

24 ब में तो इनके अलावा शिंदे सेना ने भी अपना उम्मीदवार उतारा है। 24 क में 5 और ओपन वर्ग ड के लिए 7 उम्मीदवार किस्मत आजमाने मैदान पर उतरे हैं। सिटी के सभी 38 प्रभागों में लगभग ऐसी ही स्थिति है। कहीं सीधी टक्कर है तो कहीं त्रिकोणीय मुकाबला बना हुआ है। कुछ जगहों पर 3 से अधिक उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर हो सकती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com