ट्रेन से 27.50 लाख का सोना बरामद, कोलकाता से चोरी कर भागने की फिराक में था आरोपी, गिरफ्तार

Nagpur Police: दक्षिण-पूर्व-मध्य रेल नागपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल, सीआईबी और मंडल टास्क टीम की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन 12834 अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे आरोपी को गिरफ्तार किया।
कोलकाता से चोरी कर भागने की फिराक में था आरोपी, गिरफ्तार
कोलकाता से चोरी कर भागने की फिराक में था आरोपी, गिरफ्तार (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Crime: दक्षिण-पूर्व-मध्य रेल नागपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल, सीआईबी और मंडल टास्क टीम की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन 12834 अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे फरार आरोपी को दबोचकर उसके पास से 275.93 ग्राम सोना बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 27,50,000 रुपए आंकी गई है। पकड़ा गया युवक ग्राम वलवन, तहसील आटपाडी, जिला सांगली निवासी अतुल सत्यवान उर्फ सतीश जाधव (24) बताया गया है।

ट्रेन में उसके साथ पत्नी रोहिणी, पिता सत्यवान जाधव (50) और नानी सास सिंधुताई जाधव (55) थीं। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह नैहाटी (हावड़ा) में सोना कारीगर का काम करता है और बरामद सोना उसी मामले से संबंधित है। जानकारी के अनुसार, जाधव के खिलाफ बंगाल के नैहाटी थाने में उक्त माल चोरी की एफआईआर दर्ज कराई गई है। प्राथमिक जांच में स्थानीय पुलिस को जाधव के अपने पूरे परिवार के साथ ट्रेन 12834 से फरार होने का पता चला। तुरंत ही आईपीएफ गरकल को कॉल किया गया।

एसी कोच में कर रहे थे सफर

हालांकि गरकल वर्तमान में नागपुर महा मेट्रो में डेप्यूटेशन पर पदस्थ हैं। उनके माध्यम से उक्त जानकारी नागपुर आरपीएफ के कंट्रोल रूम तक पहुंची। तुरंत ही ट्रेन में तलाशी शुरू कर दी गई। गोंदिया स्टेशन पर पहुंचने पर आरपीएफ को बी7 कोच की सीट 33, 34 और 36 पर जाधव संदिग्धावस्था में नजर आया। पूछताछ के बीच ट्रेन चल पड़ी। इस बीच आरोपी जाधव ने अपनी चोरी कबूल ली। उसके पास से 27.50 लाख रुपये का सोना जब्त किया गया। तिरोड़ा में जाधव और उसके साथ मौजूद सभी को ट्रेन से उतारकर वापस गोंदिया लाया गया।

कोलकाता पुलिस के सुपुर्द

उचित जांच के बाद कोलकाता पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद बरामद संपत्ति और चारों आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई हेतु नैहाटी थाना, बंगाल के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक हाजीकुल आलम को सुपुर्द किया गया। मौके पर जांच अधिकारी ने पाया कि अपराध में केवल अतुल जाधव की संलिप्तता है, इसलिए उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके साथ सफर कर रहे अन्य 3 परिजनों को छोड़ दिया गया। इस कार्रवाई में मंडल टास्क टीम, पोस्ट गोंदिया; सीआईबी और एसआईबी के अधिकारियों व जवानों की अहम भूमिका रही। सूचना के बाद बेहद कम समय में प्लानिंग कर पूरी सतर्कता के साथ ऑपरेशन चलाया गया जिससे आरोपी पकड़ा जा सका।

शहर में घूमते मिले 2 तड़ीपार

दुसरी एक घटना में सक्करदरा और अंबाझरी पुलिस ने 2 तड़ीपार अपराधियों को शहर में घूमते गिरफ्तार किया। सक्करदरा पुलिस रविवार रात 1.30 बजे के दौरान परिसर में गश्त कर रही थी। सक्करदरा तालाब के पास सेवादलनगर, भांडे प्लाट निवासी सुशील उर्फ कोमा उत्तम वाघमारे (20) नामक अपराधी दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा लेकिन पीछा करके उसे दबोच लिया गया। 22 दिन पहले ही उसे डीसीपी जोन 4 रश्मिता राव ने 2 वर्ष के लिए जिले से तड़ीपार किया था। वहीं अंबाझरी पुलिस ने न्यू फुटाला निवासी अक्षय किशोर मड़ावी (23) नामक अपराधी को दबोचा। अक्षय को इसी वर्ष मई महीने में डीसीपी जोन 2 ने 1 वर्ष के लिए जिले से तड़ीपार किया था। सोमवार की सुबह वह फुटाला परिसर में ही घूमता मिला। पुलिस ने दोनों के खिलाफ तड़ीपारी के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com