मुंबई के बाद अब चंद्रपुर में कांग्रेस की 'होटल पॉलिटिक्स', महिला पार्षदों को किया कैद! तिवारी ने खोला मोर्चा

Vijay Wadettiwar News: चंद्रपुर कांग्रेस में 'होटल पॉलिटिक्स'! रामू तिवारी का आरोप- महिला पार्षदों को बनाया बंधक। प्रवीण पडवेकर ने सांसद धानोरकर को घेरा। दिल्ली तक पहुँचा विवाद।
Massive row in Chandrapur Congress as ex-city chief Ramu Tiwari alleges women corporators are held hostage.
विजय वडेट्टीवार (सौजन्य-एक्स)
Updated on

Congress Politics: धानोरकर-वडेट्टीवार के बीच शुरू अंतर्कलह के बीच कांग्रेस के तत्कालीन महानगर जिलाध्यक्ष रामू तिवारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि, चंद्रपुर मनपा की कई नवनिर्वाचित महिला पार्षदों को जबरन एक होटल में बंधक बनाकर रखा गया है, उनके कमरों को बाहर से लॉक किया गया है, उन्हें अपने परिजनों तक से बात नहीं करने दिया जा रहा है।

उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से आग्रह करते हुए कहा है कि, उन्हें कांग्रेस के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने यहां एक निरीक्षक को भेजना चाहिए, वे निरीक्षक कांग्रेस के सभी नवनिर्वाचित पार्षदों से वन टू वन बात करें कि, उन्हें किसके साथ जाना पसंद है।उन्होंने यह भी कहा कि, चंद्रपुर मनपा में कांग्रेस को मिली सफलता किसी नेता की बदौलत नहीं बल्कि यह जीत कार्यकर्ता एवं पार्टी संगठन के चलते मिली है।

कांग्रेस को कमजोर कर रही धानोरकर : पडवेकर

विगत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे प्रवीण पडवेकर ने आरोप लगाया कि, जिले में कांग्रेस में गुटबाजी को हवा देकर कांग्रेस सांसद प्रतिभा धानोरकर जिले में कांग्रेस को कमजोर करने का काम कर रही है। फेसबुक लाइव के माध्यम से अपनी बात रखते हुए पडवेकर ने कहा कि, चंद्रपुर मनपा चुनाव में इस बार कांग्रेस को भारी सफलता हासिल हुई। इस सफलता का श्रेय लेने के लिए सांसद धानोरकर आगे आ रही है, जबकि हकीकत में इस सफलता के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय वडेटटीवार की मेहनत रही है। उन्होंने कहा कि, अगर धानोरकर इतनी प्रभावशाली होती तो वह अपने वरोरा क्षेत्र से अपने भाई को विधानसभा चुनाव में जीत दिला सकती थी, किन्तु वैसा हो न सका।

कांग्रेस ने फूंके प्राण

पडवेकर ने कहा कि, वडेट्टीवार यह राज्य में पार्टी के वरिष्ठ नेता है, उन्होंने ही इस जिले में मृतप्राय कांग्रेस में प्राण फूंकने का काम किया है। मनपा में मिली सफलता के लिए वे ही हकदार हैं। वडेट्टीवार हमेशा पार्टी के सामान्य कार्यकर्ताओं को बल देने का काम करते है। मेरी औकात ना रहते हुए भी वडेट्टीवार ने उन्हें विधानसभा का टिकट देने में सहायता की।

वहीं दूसरी ओर सांसद धानोरकर ने एकोरी प्रभाग में कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दरकिनार करते हुए एक ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया जो मूलतः भाजपा से है। इस व्यक्ति के पास यहां की पवित्र दीक्षाभूमि की देखरेख की जिम्मेदारी है तथा उसने इस दीक्षाभूमि पर हमेशा संघ परिवार के लोगों को मंच पर बैठाने का काम किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने किया सुलह का प्रयास

जिले में वडेट्टीवार और धानोरकर के बीच चल रहे आरोप प्रत्यारोप और अंतर्कलह के चलते दोनों नेताओं के बीच सुलह कराने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने प्रयास किए। उन्होंने दोनों से फोन पर संपर्क किया किन्तु कोई हल नहीं निकल सका। अब यह विवाद दिल्ली तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com