Maharashtra: हर्षवर्धन सपकाल ने BJP पर बोला ताबड़तोड़ हमला, बोले- भाजपा सबसे कमजोर पार्टी

Maharashtra Local Body Election: पुणे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भाजपा पर चुनावी धांधली, भ्रष्टाचार और सत्ता दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं।
Harshvardhan Sapkal
हर्षवर्धन सपकाल (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Pune News In Hindi: महाराष्ट्र में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

शनिवार को पुणे में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में सपकाल ने कहा कि भाजपा आज राज्य की सबसे कमजोर पार्टी बन चुकी है। अपनी इसी कमजोरी को छिपाने के लिए उसे चुनावों में धांधली, भ्रष्टाचार और दूसरे दलों से उम्मीदवारों का 'आयात' करने पर मजबूर होना पड़ रहा है।

मतदाता सूची में गड़बड़ियां बरकरार ; सपकाल ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उंगली उठाते हुए कहा कि राज्य के 288 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची में भारी विसंगतियां पाई गई थीं।

भाजपा-एनसीपी में केवल 'नूरा कुश्ती' चल रही

उन्होंने कहा, 'चुनाव आयोग ने खुद माना था कि सूचियों में गड़बड़ी है। दोहरे नाम वाले मतदाताओं को लेकर स्पष्ट दिशा निर्देश दिए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका पालन नहीं हुआ।' उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी महानगर पालिका चुनावों के लिए भी प्रभाग रचना में प्रशासनिक अधिकारियों की मदद से हेराफेरी की जा रही है और सत्ता पक्ष पर आयोग का कोई अंकुश नहीं रह गया है। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार पर प्रहार करते हुए सपकाल ने कहा कि भाजपा और एनसीपी (अजीत गुट) के बीच केवल 'नूरा कुश्ती' चल रही है। उन्होंने सवाल किया, 'अजीत पवार रोज भाजपा की आलोचना करते हैं, फिर भी सत्ता में बने रहते हैं। वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हैं, लेकिन न तो इस्तीफा देते हैं और न ही उनसे इस्तीफा मांगा जाता है। यह सत्ता से चिपके रहने की पराकाष्ठा है।'

सरकार की घोषणाएं केवल 'चुनावी जुमला'

राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं को आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 'लाडली बहन' योजना की राशि नहीं बढ़ाई गई और किसानों की कर्जमाफी का वादा भी अधूरा है। उन्होंने पुणे में मुफ्त मेट्रो और बस सेवा की घोषणा को 'खोखला वादा' करार दिया। सपकाल ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी भी स्थिति में अजीत पवार की एनसीपी के साथ गठबंधन नहीं करेगी, हालांकि शिवसेना (यूबीटी) के साथ उनका संयुक्त प्रचार अभियान मजबूती से जारी है।

शहर को बेचने की हो रही साजिश

पुणे के स्थानीय मुद्दों पर बोलते हुए सपकाल ने मुढवा जमीन घोटाला और जैन बोर्डिंग जमीन मामले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन घोटालों में अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है और अजीत पवार इसका बचाव कर रहे है।

उन्होंने दुख जताते हुए कहा, 'पुणे जो कभी शिक्षा और संस्कृति की 'काशी' था, आज ड्रग्स और कोयता गैंग की संस्कृति के लिए पहचाना जाने लगा है। सत्ता के सौदागर इस शहर को बेचने का काम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस पुणे का खोया हुआ गौरव वापस लाएगी।'

सीएम का हो नार्को टेस्ट

राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिता जताते हुए सपकाल ने मांग की कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नार्को टेस्ट होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को टिकट देकर राज्य में गुंडागर्दी और जातीय हिंसा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस प्रेस वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन जोशी, पूर्व विधायक दीप्ति चौधरी, एडवोकेट अभय छाजेड, प्रवक्ता गोपाल तिवारी, शहर उपाध्यक्ष अजीत दरेकर, महासचिव प्राची दुधाने और नीता राजपूत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com