गरीब बच्चों के लिए 7 नए अंग्रेजी माध्यम स्कूल, मनपा की नई पहल, अगले सेशन से शुरू होगा एडमिशन

Municipal Corporation Initiative: नागपुर महानगरपालिका ने एक बड़ा कदम उठाया है। नागपुर शहर के गरीब और झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी शिक्षा दी जाएगी।
Municipal Corporation Initiative: नागपुर महानगरपालिका ने एक बड़ा कदम उठाया है। नागपुर शहर के गरीब और झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी शिक्षा दी जाएगी।
नागपुर न्यूज
Updated on

English Medium School: नागपुर शहर के गरीब और झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी शिक्षा प्रदान करने की दिशा में महानगरपालिका ने एक बड़ा कदम उठाया है। अभिभावकों के बीच अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाने के बढ़ते रुझान को देखते हुए मनपा ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 7 नये अंग्रेजी माध्यम के स्कूल शुरू करने का निर्णय लिया है।

ये स्कूल मनपा की बंद पड़ीं इमारतों में खोले जाएंगे और इनमें नर्सरी से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। मनपा आयुक्त अभिजीत चौधरी और अतिरिक्त आयुक्त वैष्णवी बी। के मार्गदर्शन में की जा रही है इस पहल में यह सुनिश्चित करना है कि मनपा स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब छात्र अन्य छात्रों के साथ प्रतिस्पर्धा में पीछे न रहें।

प्राइवेट-पब्लिक पार्टनरशिप पर होगा संचालन

बताया जाता है कि ये स्कूल ‘फुल स्कूल मैनेजमेंट विद प्राइवेट पार्टनर टीचर मॉडल’ (एफएसएमपीटी मॉडल) के आधार पर संचालित किए जाएंगे। इनका संचालन स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) और मनपा द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा जिसके लिए मनपा ने निविदाएं भी आमंत्रित की हैं। ये सभी स्कूल महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल, पुणे से संबद्ध होंगे। इन स्कूलों में शुरुआत में केजी-1 और केजी-2 की कक्षाएं शुरू होंगी और फिर धीरे-धीरे इन्हें 10वीं कक्षा तक बढ़ाया जाएगा।

सफल रहा है यह मॉडल

मनपा ने इससे पहले भी 2021 में आकांक्षा फाउंडेशन के सहयोग से विधानसभा क्षेत्र के अनुसार 6 अंग्रेजी माध्यम के स्कूल शुरू किए थे। इन स्कूलों को हर साल अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और वर्तमान में इनमें कुल 1,842 छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। हाल ही में 2025-26 सत्र में भी सदर के बिजलीनगर में एक नया स्कूल शुरू किया गया है जिसे भी अच्छा प्रतिसाद मिला है।

इन स्थानों पर खुलेंगे नये स्कूल

  • नारा एनएमसी स्कूल, नारा बस्ती (उत्तर नागपुर)
  • बस्तरवारी एनएमसी स्कूल, दही बाजार (पूर्व नागपुर)
  • अजनी पूर्व समर्थनगर एनएमसी स्कूल (दक्षिण-पश्चिम नागपुर)
  • धंतोली एनएमसी स्कूल (दक्षिण-पश्चिम नागपुर)
  • दाभा एनएमसी प्राइमरी स्कूल, दाभा (पश्चिम नागपुर)
  • यशवंतराव चव्हाण एनएमसी स्कूल, सोमवारी क्वार्टर (दक्षिण नागपुर)
  • महात्मा फुले हिंदी एनएमसी स्कूल, कॉटन मार्केट (मध्य नागपुर)

मनपा के बंद पड़े स्कूलों में गरीब बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा देने के लिए यह निर्णय लिया गया है। ये 7 नये स्कूल जून 2026 के शैक्षणिक सत्र से शुरू हो जाएंगे। इन स्कूल भवनों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, दरवाजे-खिड़कियों में सुधार और नये डेस्क-बेंच जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

- साधना सयाम, शिक्षाधिकारी, मनपा।

Navbharat Live
navbharatlive.com