
मुंबई पुलिस (सौजन्य-सोशल मीडिया)
नवी मुंबई: अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, विभिन्न नई परियोजनाओं और आईटी कंपनियों के कारण नवी मुंबई, पनवेल और उरण क्षेत्र की जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है, जिसकी वजह से नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के परिमंडल- 1 के 10, परिमंडल-2 के 7 और पोर्ट क्षेत्र की 3 पुलिस स्टेशनों समेत कुल 20 पुलिस स्टेशनों पर भारी दबाव है, इससे कानून व्यवस्था की समस्या भी पैदा होने लगी है।
इस दबाव को कम करने के लिए नवी मुंबई पुलिस के पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे के मार्गदर्शन में नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के क्षेत्र में एक नए परिमंडल और 4 नए पुलिस स्टेशन बनाने का प्रस्ताव मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा गया है।
उक्त प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के क्षेत्र में जहां परिमंडल की संख्या-3 हो जाएगी, वहीं पुलिस स्टेशनों की संख्या 24 हो जाएगी। इस प्रस्ताव पर सरकार द्वारा विधानसभा चुनाव के बाद ही फैसला होने की संभावना है।
नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के क्षेत्र में नवी मुंबई मनपा के क्षेत्राधिकार में बेलापुर से दिघा तक और पनवेल महानगरपालिका के तहत आने वाला पनवेल, खारघर, तलोजा तक का इलाका आता है, इसके अवाला उरण क्षेत्र भी नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के तहत ही आता है। साल 1970 में ‘सिडको’ के माध्यम से नवी मुंबई का निर्माण शुरू होने के बाद योजनाबद्ध तरीके से नवी मुंबई का तेजी से विस्तार हुआ।
नवी मुंबई में उद्योग, अच्छी आवास सुविधाएं, प्रचुर पानी, शैक्षणिक संस्थानों का व्यापक नेटवर्क, संचार तमाम सुविधाएं हैं, इसलिए मुंबई-ठाणे-पुणे के मध्य में स्थित नवी मुंबई की जनसंख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।
प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, मेट्रो रेलवे, समुद्री पुल जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के कारण नवी मुंबई में शहरीकरण बड़े पैमाने पर बढ़ रहा है, इस बढ़ते शहरीकरण की तुलना में पुलिस बल अपर्याप्त हो गया है, इसलिए पुलिस बल काफी तनाव में रहने लगा है।
इसके चलते नवी मुंबई पुलिस बल को पुलिस बल और पुलिस स्टेशन की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिसे गंभीरता से लेते हुए नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे ने नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय की भौगोलिक स्थिति, पुलिस स्टेशन में आने वाले अपराधों की संख्या, उत्पन्न होने वाली कानून व्यवस्था की समस्याएं, क्षेत्र की जनसंख्या, औद्योगिक क्षेत्र आदि को ध्यान में रखते हुए उक्त प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा है।
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र चुनाव से पहले NCP में शामिल हुए भाजपा के पूर्व नेता निशिकांत पाटिल और संजयकाका पाटिल
परिमंडल-1 में नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय ने रबाले पुलिस स्टेशन को विभाजित करके एक पुनर्गठित घनसोली पुलिस स्टेशन और ऐरोली विभाग के लिए एक अलग ऐरोली पुलिस स्टेशन का प्रस्ताव तैयार किया है, इसी तरह परिमंडल -2 में पनवेल शहर पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले करंजाडे नोड एक अलग पुलिस स्टेशन का प्रस्ताव तैयार किया है।
इसके अलावा प्रस्तावित परिमंडल-3 में उरण और मोरा पुलिस स्टेशन को मिलाकर पुनर्गठित उरण-मोरा पुलिस स्टेशन का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, इसके साथ ही पुलिस आयुक्तालय ने एक हवाई अड्डा पुलिस स्टेशन भी प्रस्तावित किया है।
नवी मुंबई के पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) के संजय कुमार पाटिल ने कहा, “नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय की भौगोलिक स्थिति, पुलिस स्टेशन में दर्ज अपराधों की संख्या, कानून व्यवस्था से संबंधित उत्पन्न होने वाली समस्याएं, क्षेत्र में जनसंख्या, औद्योगिक क्षेत्र आदि के बारे में विचार करते हुए उक्त प्रस्ताव को मंजूरी के लिए राज्य सरकार के गृह विभाग को भेजा गया है, उम्मीद है कि इस प्रस्ताव को जल्द ही सरकार से मंजूरी मिलेगी।”
यह भी पढ़ें- NIA के टार्गेट पर आए बिश्नोई ब्रदर्स, लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई पर 10 लाख रुपये के इनाम का किया ऐलान






