
MSME Development (सोर्सः सोशल मीडिया)
Mumbai Export Hub: राज्य के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) क्षेत्र की कार्यक्षमता और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यशाला ‘इंडस्ट्री एंड गवर्नमेंट नेटवर्किंग फॉर इनक्लूसिव ट्रांसफॉर्मेशन एंड एम्पावरमेंट (इग्नाईट-2026)’ का आयोजन किया गया।
यह कार्यशाला विकास आयुक्त (उद्योग) दीपेंद्र सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन और मुंबई शहर के अपर जिलाधिकारी बाप्पासाहेब थोरात की अध्यक्षता में 3 फरवरी 2026 को पु. ल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी, प्रभादेवी में संपन्न हुई। कार्यक्रम में उद्योग, निर्यात, वित्त और सेवा क्षेत्र से जुड़े लगभग 180 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
उद्योग सह संचालक विजू शिरसाट ने जानकारी दी कि ‘एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी)’ पहल के तहत मुंबई उपनगर के लिए रत्न एवं आभूषण तथा मुंबई शहर के लिए चमड़ा उत्पादों का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि मुंबई शहर जिला निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी है और ‘सेवन पॉइंट्स एजेंडा’ को लागू करते हुए आगामी वर्ष में निर्यात में दोहरे अंकों की वृद्धि का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
ओडीओपी ब्रांडिंग और प्रमोशन को बढ़ावा देने के लिए उद्योग सह संचालक कार्यालय, ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, मुंबई के बीच त्रिपक्षीय समझौता किया गया। इसके तहत जागरूकता कार्यक्रम, उद्योग भेंट, अनुसंधान गतिविधियां तथा ‘एक तालुका, दस निर्यातक’ पहल को क्रियान्वित किया जाएगा।
ये भी पढ़े: क्या सुनेत्रा पवार संभालेंगी NCP की कमान? विधायक प्रताप चिखलीकर के बयान से राज्य में सियासी हलचल तेज
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने निर्यात नीति, सेवा क्षेत्र में निर्यात के अवसर, वित्तीय सहायता योजनाएं तथा एमएआईटीआरआई पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी। अपर जिलाधिकारी ने उद्यमियों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।






