Epstein Files की भारतीय राजनीति में एंट्री, संजय राउत ने मोदी कैबिनेट पर लगाए सनसनीखेज आरोप

Epstein Files को लेकर शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। राउत ने दावा किया कि एपस्टीन फाइल्स में मोदी कैबिनेट के मंत्रियों के नाम हैं।
Epstein Files Sanjay Raut makes sensational allegations against the Modi cabinet
संजय राउत व पीएम नरेंद्र मोदी (सोर्स: साेशल मीडिया)
Updated on

Sanjay Raut Statement On Epstein Files: पूरी दुनिया में तहलका मचाने वाले 'एपस्टीन फाइल्स' की गूंज अब भारतीय राजनीति में भी सुनाई देने लगी है। कई देशों के प्रभावशाली नेताओं और उद्योगपतियों के नाम सामने आने के बाद अब शिवसेना (यूबीटी) के नेता और सांसद संजय राउत ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राउत ने दावा किया है कि इस विवादास्पद फाइल में मोदी कैबिनेट के मंत्रियों के नाम भी शामिल हैं तथा उन्होंने कथित रूप से एपस्टीन में शामिल मंत्रियों के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कड़ा कार्रवाई करने की मांग की है। राउत के आरोपों के कारण देश के सियासी गलियारे में खलबली मच गई है।

मुंबई में मीडिया से बातचीत करते हुए संजय राउत ने सीधे तौर पर केंद्र सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि एपस्टीन फाइल्स में प्रधानमंत्री मोदी के मंत्रिमंडल के सदस्य भी शामिल हैं। राउत ने विशेष रूप से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम लेते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का इन लोगों से संबंध होने की बात उजागर हुई है। मोदी सरकार इस स्कैंडल में फंसी हुई है। एपस्टीन के साथ इस सरकार के मंत्रियों के कितने 'मधुर' संबंध थे, यह अब सबके सामने है।

वीजा नियमों के उल्लंघन का आरोप

सांसद संजय राउत ने अपनी आक्रामक बयानबाजी जारी रखते हुए गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि हरदीप पुरी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एपस्टीन से जुड़े लोगों को भारत आने के लिए वीजा दिलवाया। राउत ने पूछा, "क्या यह सब प्रधानमंत्री मोदी की सहमति के बिना हुआ होगा?" उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री को उन मंत्रियों पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, जिनके नाम इस लिस्ट में आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बिल गेट्स के तलाक का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वहां इतनी बड़ी कार्रवाई और बदलाव हो सकते हैं, तो संदिग्ध मंत्रियों को शासन करने का अधिकार कैसे है?

राहुल गांधी बोलने में सक्षम

जब राउत से इस मुद्दे पर और अधिक जानकारी मांगी गई तो उन्होंने कहा कि मैं इस एपस्टीन फाइल पर फिलहाल ज्यादा नहीं बोलूंगा, क्योंकि हमारे विपक्ष के नेता राहुल गांधी इस विषय पर बोलने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि देश के सामने सच आना जरूरी है क्योंकि यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नैतिकता और भ्रष्टाचार से जुड़ा है।

पीएम को कांग्रेस से खतरा बताना बकवास

संसद के बजट सत्र के दौरान हो रहे हंगामे और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा कांग्रेस महिला सांसदों के आक्रामक रुख पर जताई गई चिंता को भी राउत ने आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "यह सब बकवास है, हम मोदी के दिल्ली आने से बहुत पहले से संसद में हैं। हमें संसद की आचार संहिता और नियमों का पूरा ज्ञान है। राउत ने आगे कहा, "मोदी को किससे खतरा है? कांग्रेस से? जिस कांग्रेस ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी, जेलें काटीं और जिसके योगदान से यह संसद बनी है, उससे खतरा बताना हास्यास्पद और बेबुनियाद है।"

Navbharat Live
navbharatlive.com