Mumbai: सीएनजी पंप बढ़ाने की मांग तेज, 385 पंपों पर 12 लाख वाहन

CNG Pumps: मुंबई में सीएनजी वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है, लेकिन पंपों की कमी के कारण चालकों को रोजाना घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ता है। 12 लाख वाहनों के मुकाबले 385 पंप अपर्याप्त साबित हो रहे हैं
Mumbai CNG Station
मुंबई सीएनजी स्टेशन (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

CNG Pumps In Mumbai: मुंबई में सीएनजी वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लेकिन शहर में सीमित सीएनजी पंप होने के कारण वाहन चालकों को ईंधन भरने के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है। फिलहाल शहर में महानगर गैस लिमिटेड के कुल 385 सीएनजी पंप कार्यरत हैं।

वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सीएनजी पंप बढ़ाने की मांग जोर पकड़ रही है। कम ईंधन खर्च और पर्यावरण के प्रति जागरूकता के चलते नागरिक सीएनजी वाहनों को प्राथमिकता दे रहे हैं। मुंबई महानगर क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में सीएनजी वाहनों की संख्या में 20 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है।

वर्तमान में शहर में 12 लाख सीएनजी वाहन हैं। इतनी तेजी से बढ़ती मांग के मुकाबले सीएनजी पंप की संख्या भी बढ़नी चाहिए, लेकिन पिछले एक वर्ष में केवल 100 नए पंप जुड़े हैं। यही कारण है कि पंपों की संख्या बढ़ाने की मांग तेज होती जा रही है।

सीएनजी स्टेशनों की कमी

सीएनजी स्टेशनों को अपर्याप्त संख्या और उससे होने वाली भीड़ के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासतौर पर वे नागरिक रोजगार के लिए सीएनजी वाहनों पर निर्भर हैं, उनकी मुश्किलें और भी अधिक बढ़ जाती हैं। ऐसे में सीएनजी स्टेशनों की संख्या बढ़ाना और उनकी उपलब्धता में सुधार करना समय की आवश्यकता बन गया है।

सीएनजी भरने के लिए रोज डेढ़ से दो घंटे लाइन 6 में खड़ा रहना पड़ता है। इससे हमारे कामकाज पर सीधा असर पड़ता है।

- संदीप चौगुले, रिक्शा चालक, घाटकोपर

सीएन‌जी भरवाना अब बड़ा झंझट बन गया है। कई पंप अचानक मेंटेनेंस के लिए बंद हो जाते हैं। कई पेट्रोल पंप पर सीएनजी होती ही नहीं, ऐसे में मजबूरी में पेट्रोल भरना पड़ता है। जिसकी लागत काफी ज्यादा है।

- कृष्णा सिंह, कार मालिक, मालाड

पेट्रोल-डीजल की महंगाई से बचने के लिए सीएनजी कार ली थी, लेकिन अब लगता है पेट्रोल-डीजल की ही कार से लेता तो बेहतर होता, सीएनजी से बचत तो होती है, लेकिन समय का बहुत नुकसान होता है-कई बार लंबी कतारों में काफी देर खड़ा रहना पड़ता है।

-शेखर भोसले, कार मालिक, बदलापुर

कई सीएनजी स्टेशन मुख्य सड़कों पर है, जिससे भीड़ और ट्रैफिक जाम और बढ़ जाता है। कई स्टेशन 24×7 खुलते हैं, फिर भी दिक्कत कम नहीं होती, इसका बड़ा असर ऑटो और टैक्सी चालकों पर पड़ता है।

- सदानंद माने, टैक्सी चालक, दादर

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com