बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान, सरपंच वर्षा पटले ने की मुआवजे की मांग

Heavy Rins Damaged: भारी बारिश से ग्राम पंचायत निंबा में धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है, सरपंच वर्षा पटले ने किसानों के लिए मुआवजे की मांग की और शासन को ज्ञापन सौंपा।
बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान
बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान
Published on
Updated on

Gondia News: गोरेगांव 25 अक्टूबर से हो रही लगातार भारी बारिश के चलते ग्राम पंचायत निंबा क्षेत्र के किसानों की धान फसल को भारी नुकसान हुआ है। कई किसानों की कटाई हो चुकी फसल बह गई, जबकि खेतों में खड़ी फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। इस आपदा से किसान बुरी तरह परेशान हैं और शासन से सहायता की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

ग्राम पंचायत निंबा की सरपंच वर्षा विजय पटले ने किसानों को हुए नुकसान की जानकारी राजस्व अधिकारी दीक्षा वाकले, कृषि सहायक उमेश मडावी तथा ग्राम विकास अधिकारी विलास सूर्यवंशी को दी। जानकारी मिलते ही अधिकारीगण 27 अक्टूबर को गांव पहुंचे और खेतों का दौरा कर नुकसान का निरीक्षण किया।

किसान बड़ी संख्या में उपस्थित

निरीक्षण के दौरान सरपंच वर्षा पटले के साथ उपसरपंच नंदलाल उइके, ग्राम पंचायत सदस्य मालता भगत, पुरुषोत्तम कटरे, विवाद मुक्त समिति के अध्यक्ष बुधराम बिजेवार, किसान योगराज ठाकरे, राधेश्याम पाटले, सुकराम कोल्हे, लोकचंद कटरे, कुवरलाल शेंडे, गणेश भगत, सुरज मसे, सुरज गौतम, संजय ठाकरे, प्रेमलाल मसे सहित अन्य किसान बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

सरपंच ने जताई किसानों की चिंता

सरपंच वर्षा पटले ने कहा कि 25 अक्टूबर की अतिवृष्टि के कारण निंबा और आसपास के क्षेत्रों के किसानों को व्यापक आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने शासन से मांग की कि प्रभावित किसानों की फसल का पंचनामा तुरंत कराकर मुआवजा और सहायता राशि मंजूर की जाए।

अधिकारियों को निर्देश

इस संबंध में शासन को ज्ञापन भी भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किसानों से संवाद साधा और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। राजस्व विभाग व कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि नुकसान का विवरण जल्द से जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए। अंत में सरपंच पटले ने किसानों को आश्वासन दिया कि ग्राम पंचायत स्तर से लेकर शासन स्तर तक हर संभव प्रयास कर उन्हें उचित मुआवजा दिलाने का कार्य किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com