

Kalki 2898 AD Part 2 Release Date: साल 2024 की ब्लॉकबस्टर फिल्म कल्कि 2898 एडी ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी। तभी से दर्शक इसके दूसरे भाग का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब फैंस के लिए खुशखबरी है कि निर्देशक नाग अश्विन ने सीक्वल की शूटिंग शुरू कर दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के दूसरे पार्ट की शूटिंग फिलहाल तेलंगाना के शंकरपल्ली में चल रही है। पहले शेड्यूल में अमिताभ बच्चन और कमल हासन अपने हिस्से के सीन शूट कर रहे हैं। दोनों दिग्गज कलाकार इस मेगा प्रोजेक्ट में अहम भूमिकाओं में नजर आए थे और सीक्वल में भी उनकी मौजूदगी कहानी को आगे बढ़ाएगी।
खबर यह भी है कि इस शेड्यूल में प्रभास शामिल नहीं हैं और वह बाद में अपनी शूटिंग शुरू करेंगे। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिल्म के पहले भाग में दीपिका पादुकोण ने भी अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन सीक्वल में उनके न होने की खबरें हैं। उनकी जगह साई पल्लवी की एंट्री की चर्चा जोरों पर है। हालांकि, इस कास्टिंग को लेकर भी अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अगर कहानी की बात करें तो ‘कल्कि 2898 AD’ की शुरुआत महाभारत के कुरुक्षेत्र युद्ध के अंत से होती है, जिसे कलियुग की शुरुआत माना जाता है। कथा 2898 ईस्वी में पहुंचती है, जहां दुनिया एक डिस्टोपियन समाज में बदल चुकी है। यहां सुप्रीम यस्किन नाम का शासक खुद को देवता मानता है और जनता पर अत्याचार करता है। इसी बीच विद्रोह की चिंगारी भड़कती है और विष्णु के अंतिम अवतार की रक्षा का मिशन कहानी का केंद्रीय बिंदु बनता है।
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया था। इसने दुनियाभर में 1,042.25 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन किया, जबकि भारत में इसका नेट कलेक्शन 646.31 करोड़ रुपये रहा। तमिल और तेलुगू भाषाओं में फिल्म को खासतौर पर जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। यही वजह है कि ‘कल्कि 2898 AD’ साल 2024 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शुमार हुई। अब देखना दिलचस्प होगा कि सीक्वल पहले भाग की सफलता को पार कर पाता है या नहीं।