गोंदिया नगर परिषद (फोटो नवभारत)
Maharashtra Local Body Elections Updates: महाराष्ट्र में निकाय चुनाव को लेकर नगराध्यक्ष पद के लिए आरक्षण सोमवार, 6 अक्टूबर को और वार्डवार आरक्षण बुधवार, 8 अक्टूबर को निकाला जाएगा। सभी इच्छुक पक्ष इस बात पर नजर गड़ाए हुए हैं कि नगराध्यक्ष पद के लिए आरक्षण की क्या घोषणा होती है। नगराध्यक्ष पद के लिए आरक्षण की घोषणा के बाद, इन चुनावों की जंग की तस्वीर साफ हो जाएगी।
गोंदिया जिले में दो नगर परिषदों और दो नगर पंचायतों के चुनाव दिवाली के बाद होने वाले हैं। ओबीसी आरक्षण के मुद्दे के कारण, जिले में गोंदिया, तिरोड़ा नगर परिदष और सालेकसा, गोरेगांव नगर पंचायत के चुनाव पिछले साढ़े तीन साल से लंबित हैं।
नगर परिषद और नगर पंचायत में प्रशासक का शासन चल रहा है और विकास कार्य ठप पड़े हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने ओबीसी आरक्षण के मुद्दे का समाधान करते हुए सरकार को जनवरी 2026 से पहले स्थानीय निकाय चुनाव कराने का निर्देश दिया है। इसके बाद निर्वाचन विभाग और राज्य सरकार ने काम शुरू कर दिया है।
नप और नपं की अंतिम वार्ड संरचना 30 सितंबर को घोषित की गई थी। उसके बाद अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी थीं कि नगराध्यक्ष पद के लिए आरक्षण की घोषणा कब होगी। इसके बाद सरकार ने शुक्रवार को नगराध्यक्ष पद के लिए आरक्षण कार्यक्रम की घोषणा कर दी।
यह भी पढ़ें:- MP-राजस्थान में बच्चों की मौतों के बाद महाराष्ट्र सरकार सख्त, FDA ने कप सिरप पर लगाई रोक
इसके अनुसार, नगराध्यक्ष पद के लिए आरक्षण 6 अक्टूबर को और वार्डवार आरक्षण 8 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा। नगराध्यक्ष पद के लिए आरक्षण की घोषणा किस प्रकार की जाती है, इस पर आगे का समीकरण निर्भर करता है। कई लोग पिछले साढ़े तीन साल से इसकी तैयारी कर रहे हैं। आरक्षण की घोषणा के बाद, चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों के लिए रास्ता साफ हो जाएगा और चुनाव प्रचार शुरू हो जाएगा।
गोंदिया और तिरोड़ा नप की अंतिम वार्ड संरचना की घोषणा 30 सितंबर को की गई थी। इसमें गोंदिया नप में अब 22 वार्ड और 44 सदस्य होंगे, जबकि तिरोड़ा नप में 10 वार्ड और 20 सदस्य होंगे। वार्डवार आरक्षण की घोषणा 8 अक्टूबर को की जाएगी। इसके बाद, कौन किस वार्ड से चुनाव लड़ना चाहता है, इसका रास्ता साफ हो जाएगा।