गाेंदिया पुलिस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Tribal Reservation March In Gondia: आदिवासी आरक्षण में अन्य गैर आदिवासी समुदायों की घुसपैठ को रोकने के लिए गोंदिया में आज यानी 6 अक्टूबर को आदिवासी आक्रोश मोर्चे का आयोजन किया गया है। इस मोर्चे में जिले भर से 50 हजार से अधिक लोग शामिल होने वाले हैं। इसलिए बड़ा पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है। जिले के सभी थानों से करीब 722 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों का बंदोबस्त लगाया गया है।
संयुक्त आदिवासी कृति समिति गोंदिया और विभिन्न आदिवासी संगठनों के नेतृत्व में 6 अक्टूबर को आक्रोश मोर्चा इंदिरा गांधी स्टेडियम से जिलाधीश कार्यालय तक निकाला जाएगा। हैदराबाद गजट के आधार पर बंजारा और धनगर समुदायों द्वारा आदिवासी समुदायों के लिए आरक्षण का दावा किया जा रहा है।
हालांकि इन दोनों समुदायों को अलग-अलग आरक्षण प्राप्त है, संयुक्त आदिवासी कृति समिति का कहना है कि बंजारा सहित अन्य गैर आदिवासी समुदाय जनजाति में शामिल होकर आरक्षण पाने की कोशिश कर रहे हैं।
समिति का कहना है कि बंजारा और धनगर समुदाय आदिवासी होने के मानदंडों को पूरा नहीं करते हैं और उन्हें आदिवासी आरक्षण में शामिल करना भारतीय संविधान के खिलाफ है। आदिवासी समुदाय सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक रूप से पिछड़ा हुआ है।
समिति ने आशंका जताई है कि अगर बंजारा, धनगर और अन्य गैर-आदिवासी समुदायों को आदिवासी आरक्षण में शामिल किया गया, तो मूल आदिवासी समुदाय के अधिकारों का हनन होगा और उनकी स्थिति और खराब हो जाएगी। इसलिए संयुक्त आदिवासी कृति समिति गोंदिया और विभिन्न आदिवासी संगठनों मोर्चे का आयोजन किया गया है।
यह भी पढ़ें:- MP-राजस्थान में बच्चों की मौतों के बाद महाराष्ट्र सरकार सख्त, FDA ने कप सिरप पर लगाई रोक
मोर्चा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस का बड़ा बंदोबस्त लगाया गया है। इसके लिए 1 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 4 उपविभागीय पुलिस अधिकारी, 18 पुलिस निरीक्षक, 42 पुलिस उपनिरीक्षक व सहायक पुलिस निरीक्षक, 398 पुरुष पुलिस अंमलदार, 199 महिला पुलिस अंमलदार व 2 दंगा-रोधी दस्ता जिसमें 60 पुलिस कर्मी ऐसे कुल 722 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
आदिवासी आंदोलन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। आम जनता को कोई खतरा, असुविधा या बाधा न हो, इसके लिए जिलाधीश ने यातायात को वैकल्पिक मार्ग पर मोड़ने के लिए अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार, जयस्तंभ चौक से फुलचुर नाका व फुलचुर नाका से पतंगा चौक तक सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक यातायात बंद कर दी गई।
वहीं फुलचुर नाका से जयस्तंभ चौक व पतंगा चौक से कारंजा टी पॉइंट होते हुए फुलचुर नाका तक आने वाला यातायात सुबह 9 से शाम 6 बजे तक दोनों दिशाओं के लिए खुला रहेगा। साथ ही मोर्चे में आने वाले प्रदर्शनकारियों के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है।