गोंदिया में फिर खौफ का साया! बाघ और भालू के बाद अब शहर की सड़कों पर घूम रहा तेंदुआ

Gondia Leopard News: गोंदिया के गौतम नगर में तेंदुए की दस्तक से दहशत। वन विभाग की टीम सर्च ऑपरेशन में जुटी। बाघ और भालू के बाद अब तेंदुए ने बढ़ाई शहरवासियों की चिंता। पूरी खबर पढ़ें।
gondia leopard sighting gautam nagar panic forest department alert
गोंदिया की सड़कों पर तेंदुआ (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Leopard Terror in Gondia: गोंदिया जिले में नवेगांवबांध, नागझिरा वन्यप्राणी पर्यटन क्षेत्र हैं, जहां पर वन्यप्राणियों के दीदार के लिए दूर-दूर से सैलानियों का भी आगमन होता है, लेकिन माना जा सकता है कि वन विभाग की गैरजिम्मेदारी और कमजोर प्रबंध के कारण अब जंगली जानवर शहर की ओर आ रहे हैं। हाल में ही कुछ दिनों पूर्व एक बाघ गोंदिया जिले के आमगांव में दिखाई दिया था, तथा सड़क पर लोगों की उपस्थिति में दौड़ते भागते बाघ का वीडियो भी वायरल हुआ था।

बाद में वन विभाग द्वारा बाघ का रेस्क्यू कर उसे पिंजरे में कैद कर वापस जंगलों में छोड़ा गया था। वही बाघ फिर गोंदिया शहर के जिलाधीश कार्यालय चौक पर रात में दिखाई दिया था। रात 12 से सुबह 5.30 बजे तक ऑपरेशन चलाकर वन विभाग ने सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में बाघ का रेस्क्यू कर उसे ट्रेंगुलाईज करके बड़ी जद्दोजहद के बाद कैद करने में सफलता प्राप्त की थी।

इसी प्रकार फरवरी 2025 में भी गणेश नगर में जिप लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में एक भालू तीन घंटे तक मौजूद रहा था। और अब इसके बाद फिर दो दिनों से गोंदिया शहर में बाघ की मौजूदगी की चर्चाओं से शहर में दहशत का माहौल नजर आ रहा है।

गौतम नगर परिसर में दिखा तेंदुआ

गोंदिया शहर के जंगल से सटे आखिरी छोर पर गौतम नगर प्रभाग क्रमांक 22 में पिछले 2 दिनों से आधी रात को एक तेंदुआ घूमता देखा गया है, जिसके कारण परिसर के लोगों ने इस बारे में 7 जनवरी को वन विभाग से शिकायत की है, बताया है कि पिछले दो दिनों से पांगड़ी जंगल क्षेत्र का एक तेंदुआ शहर में प्रवेश कर गया है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

गौतम नगर के एक स्थानीय व्यक्ति ने जब वन विभाग को इस बारे में बताया, तो वन विभाग के वनपरिक्षेत्र अधिकारी ने इलाके में एक टीम भेजकर विभागीय स्तर पर पूछताछ की। इस दौरान उन्हें तेंदुआ या उसके पैरों के निशान नहीं मिले, तथा किसी ने भी स्वयं अपनी आंखों से तेंदुआ देखने की हामी नहीं भरी है, लेकिन गोंदिया शहर का यह इलाका जंगल से सटा हुआ है।

इसलिए तेंदुआ होने की संभावना हो भी सकती है। वनविभाग ने गौतम नगर परिसर के सभी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि पास में जंगल है। प्रभाग क्र. 22 के पार्षद विजय रगड़े ने भी कहा कि इलाके में तेंदुआ आने की चर्चा चल रही है। इस बारे में वन विभाग को जानकारी दी गई है।

मौजूदगी के सबूत नहीं मिले, पर सर्च जारी

तेंदुए की मौजूदगी के फिलहाल ठोस सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन हमने वन कर्मचारियों को मुस्तैदी से पता लगाने के लिए जुटा दिया है। विभाग की तरफ से हम तेंदुए को ढूंढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। अगर किसी को गौतम नगर परिसर में तेंदुआ दिखे, तो वे वन विभाग से संपर्क करें।

- दिलीप कौशिक, गोंदिया वन परिक्षेत्राधिकारी

Navbharat Live
navbharatlive.com