

Delhi Assembly Summon Kejriwal: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली विधानसभा ने उन्हें फांसी घर पर प्रश्न पूछने के लिए बुलाया है। उन्होंने कहा कि मैंने विशेषाधिकार समिति को पत्र लिखकर सूचित कर दिया है कि उनके समन के अनुसार मैं 6 मार्च को उपस्थित रहूंगा।
इसके साथ ही आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजधानी प्रदूषण से जूझ रही है, और अस्पतालों में दवाइयां नहीं हैं।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि दिल्ली प्रदूषण से जूझ रही है। सड़कें टूटी पड़ी हैं, हर तरफ कूड़े के ढेर हैं। अस्पतालों में दवाइयां नहीं हैं। दिल्ली विधानसभा ने मुझे फांसी घर पर प्रश्न पूछने के लिए बुलाया है। मैंने विशेषाधिकार समिति को पत्र लिखकर सूचित कर दिया है कि उनके समन के अनुसार मैं 6 मार्च को उपस्थित रहूंगा। पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए समिति से मेरी विनती है कि कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाए।
पत्र में उन्होंने कहा कि नियम 172 और 220 के तहत 18 फरवरी के समन को स्वीकार करते हुए वह 6 मार्च दोपहर 3 बजे विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होंगे। इससे उनके कानूनी अधिकार सुरक्षित रहेंगे। पारदर्शिता के लिए कार्यवाही की लाइव-स्ट्रीमिंग की मांग भी की है।
शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया कुछ दिन पहले ही राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी हुए है। जिसके बाद आम आदमी पार्टी की ओर से जंतर-मंतर पर एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें केजरीवाल ने सरकार पर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि वे कट्टर ईमानदार हैं।
आईएनएस इनपुट के साथ