गड़चिरोली में बारिश का कहर, नदी में बहने से 4 दिन में 3 लोगाें व 2 बैलों की मौत

Gadchiroli Flood: गड़चिरोली जिले में पिछले 6 दिनों से मूसलाधार बारिश जारी है। इसके कारण नदी-नाले उफान पर हैं। बाढ़ के कारण पिछले चार दिनों में 3 लोगाें की मौत हो गई।
Gadchiroli rain 3 people and 2 bulls died in 4 days due to drowning in river
गड़चिरोली में नदी में आयी बाढ़ (फोटो नवभारत)
Updated on

Gadchiroli News: महाराष्ट्र के गड़चिरोली के अहेरी उपविभाग में मंगलवार की रात से लगातार मूसलाधार बारिश जारी है। पिछले दो दिनों से पूरे जिले में बारिश हुई है। ऐसे में गोसेखुर्द प्रकल्प का पानी छोड़े जाने के कारण जिले में नदी, नालों पर बाढ़ की स्थिति निर्माण हो गयी है। इसी बीच दो दिन पहले भामरागढ़ तहसील मुख्यालय समीपस्थ बहने वाली पर्लकोटा नदी पर बाढ़ की स्थिति निर्माण हो गयी थी। जिसके कारण भामरागढ़ समेत तहसील के करीब 100 गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया था।

रविवार को दोबारा पर्लकोटा नदी के पुलिया पर पानी चढ़ने से पुन: भामरागढ़ समेत तहसील के 100 गांवों का जिला मुख्यायल से संपर्क टूटने के कारण भामरागढ़ तहसील का जनजीवन फिर एक बार पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

इधर रविवार को सुबह से ही बारिश थमने के कारण नागरिकों ने राहत की सांस ली है। बारिश थमने के बाद भी अहेरी उपविभाग में बाढ़ की स्थिति कायम होने के कारण अब भी इस क्षेत्र के 7 से अधिक मार्ग बंद पड़े है। जिसके कारण इस क्षेत्र की यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गयी है।

अब भी जिले के सात मार्ग है बंद

जिले में निरंतर हुई बारिश और भंडारा जिले के गोसेखुर्द प्रकल्प से पानी छोड़े जाने के कारण जिले में फिर एक बार बाढ़ की स्थिति निर्माण हो गयी है। पिछले तीन दिनों तक जिले में एक दर्जन से अधिक मार्ग बंद होने के कारण जिला अंतर्गत यातायात प्रभावित हो गयी थी। रविवार को बारिश थमने के साथ ही बाढ़ की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने के कारण वर्तमान स्थिति में जिले के 7 मार्ग बंद होने की जानकारी जिला प्रशासन से मिली है। जिनमें हेमलकसा- भामरागढ़, सिरोंचा-असरअली- जगदलपुर, अहेरी-वट्रा, हलवेर-कोठी, भेंडाला-बोरी-गणपुर, चामोर्शी-मार्कंडादेव और चपराला- चौडमपल्ली इन मार्गों का समावेश है।

नदी नाले उफान पर

गड़चिरोली जिले में हुई मूसलाधार बारिश के चलते नदी, नालों पर बाढ़ की स्थिति निर्माण हो गयी है। ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा पुलिया के ऊपर से पानी बहते समय पुलिया पार करने का प्रयास न करें, ऐसा आह्वान किया जा रहा है। बावजूद इसके कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पुलिया पार करने का प्रयास कर रहे हैं।

बाढ़ में बहे युवक का शव मिला

कोरची तहसील में नाले के ऊपर से पानी बहते हुए भी दोपहिया से पुलिया पार करने का प्रयास करने वाले चाचा-भतीजा पानी में बह गये, 4 दिन बाद दोनों का शव मिले। यह घटना ताजी थी कि, भामरागढ़ तहसील के मन्नेराजाराम गांव का एक युवक की बाढ़ में बहने से मृत्यु होने की घटना उजागर हुई है। मृतक युवक का नाम मधुकर सोयाम (21) होकर वह शनिवार को बाढ़ में गया था। रविवार को उसका शव मिला है।

12 घर, 2 गौशालाओं की पतझड़

जिले में हुई मूसलाधार बारिश के कारण अतिवृष्टि होकर जीवितहानि समेत वित्तीय हो रही है। ऐसे में जिले में विभिन्न जगह पर 12 घर और गौशालाओं की पतझड़ होने की जानकारी जिला प्रशासन से मिली है।

हालांकि घटना के बाद जिला प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारियों द्वारा नुकसान का पंचनामा किया जा रहा है। लेकिन इस घटना से संबंधित नागरिकों के सामने जीवनयापन की समस्या निर्माण हो गयी है। वहीं दूसरी ओर बाढ़ स्थिति के कारण हजारों हेक्टेयर धान फसल पानी के नीचे आने की जानकारी भी मिली है।

बाढ़ में बहे दो बैलों की मौत

80 हजार रुपये कीमत की बैलजोड़ी बाढ़ के पानी में बह जाने से दोनों बैलों की मृत्यु होने की घटना कुरखेडा तहसील के मालेवाडा समीपस्थ चरवीदंड में घटी। ऐन बुआई के समय बैलजोड़ी की मृत्यु होने से किसान पर वित्तीय संकट टूट पड़ता है। चरवीदंड निवासी रतीराम सखाराम हलामी (42) यह अपनी बैलजोड़ी लेकर घर की ओर वापिस आ रहे थे।

इस दौरान नेवासा कोटेंगे नामक किसान के खेत समीपस्थ नाले पर बाढ की स्थिति निर्माण होने के कारण नाला पार करते समय दोनों बैल बह गये। जिसमें दोनों की मौत हो गयी। इस घटना में संबंधित किसान का 80 हजार रुपयों का नुकसान हुआ है।

Navbharat Live
navbharatlive.com