
अमरावती मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक ने सभी जोन का लिया जायजा (फोटो नवभारत)
Amravati Municipal Election Preparation: अमरावती मनपा चुनाव 2025-26 के अंतर्गत चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और नियमानुसार कराने के लिए प्रशासन द्वारा विभिन्न चरणों में कड़े नियोजन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को सुबह 10 बजे मनपा के जोन नंबर 1 से 7 तक के सुरक्षा कक्षों में ईवीएम के बैलेट यूनिट (BU) और कंट्रोल यूनिट (CU) की सीलिंग प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हुई है। मनपा चुनाव में 805 कंट्रोल यूनिट व 3320 बैलेट यूनिट लगेंगे। सुरक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे और 24 घंटे पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है।
इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया का निरीक्षण करने के लिए चुनाव अधिकारी और अमरावती मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक ने सभी जोन का दौरा किया। उन्होंने प्रत्येक ज़ोन के सुरक्षा कक्षों में चल रही सीलिंग प्रक्रिया की निगरानी की और चुनाव आयोग की मार्गदर्शक सूचनाओं का कड़ाई से पालन हो रहा है, यह सुनिश्चित किया। सीलिंग प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और नियोजित तरीके से की जा रही है, जिसमें आधिकारिक चुनाव कर्मचारी, संबंधित अधिकारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और सुरक्षा बल के कर्मचारी उपस्थित थे। ईवीएम की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, और प्रत्येक मशीन की जांच, पंजीकरण और सीलिंग प्रक्रिया पूरी तरह से नियमानुसार की जा रही है।
चुनाव प्रक्रिया लोकतंत्र का आधार है, और इसमें पारदर्शिता और विश्वास की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए, प्रत्येक चरण में नियमों का पालन करना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी और सतर्कता से कार्य करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें:- नवी मुंबई चुनाव पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक! भाजपा नेता को मिली बड़ी राहत, जानें क्या है पूरा विवाद?
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निरीक्षकों को आवश्यक जानकारी और सहयोग दिया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया पर विश्वास मजबूत हो सके। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से उन्होंने वे जिम्मेदारी, तटस्थता और अनुशासन के साथ काम करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने का आह्वान किया।






