उज्जैन: जमीन सौदे के बाद खाते से निकले लाखों रुपये, पीड़ित किसान ने SP से की शिकायत; आरोपियों ने ऐसे दिया धोखा

Ujjain Crime News: उज्जैन के बड़नगर में किसान से 5 लाख की धोखाधड़ी, मोबाइल नंबर लिंक कर खाली किया बैंक खाता, 8 महीने से FIR न होने पर SP से न्याय की गुहार।
Ujjain farmer alleges lakhs of rupees were withdrawn from his bank account after a land deal and seeks police action
उज्जैन लैंड फ्रॉड (सोर्स- नवभारत लाइव)
Updated on

Ujjain Land Fraud Case: उज्जैन के बड़नगर तहसील के ग्राम सतवासा निवासी किसान राजेश परमार ने जमीन बिक्री की रकम में करीब 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक उज्जैन से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि गांव के ही सुनील सोलंकी ने विश्वास में लेकर नया बैंक खाता खुलवाया, अपना मोबाइल नंबर खाते से लिंक कराया और बाद में खाते से पूरी राशि निकाल ली।

शिकायतकर्ता ने बताया की राजेश परमार ने करीब नौ माह पहले अपनी कृषि भूमि का सौदा धार जिले के पिपलदा निवासी विकास के साथ किया था। इस दौरान सौदा कराने में सुनील सोलंकी की भूमिका रही। शिकायत में बताया गया है कि जमीन बिक्री की राशि में से 4.44 लाख रुपये स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शिवाजी पथ, बड़नगर शाखा में खुलवाए गए नए खाते में जमा कराए गए थे। आरोप है कि खाता खुलवाते समय सुनील सोलंकी ने अपना मोबाइल नंबर खाते से लिंक कराया और पासबुक भी अपने पास रख ली।

बैंक एप औ यूपीआई के माध्यम से आरोपियों ने निकाले पैसे

राजेश परमार का आरोप है कि वह अधिक पढ़े-लिखे नहीं हैं, जिसका फायदा उठाकर उनसे कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। बाद में बैंक एप और यूपीआई के माध्यम से धीरे-धीरे खाते से पूरी राशि निकाल ली गई। शिकायत में दावा किया गया है कि कुल मिलाकर करीब 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है।

आठ महीने से नहीं लिखी जा रही एफआईआर, सवालों के घेरे में बड़नगर थाना

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले की शिकायत थाना बड़नगर में करने के बावजूद पिछले आठ माह से एफआईआर दर्ज नहीं की गई। वहीं, सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया और ऐसा नहीं करने पर प्रकरण दर्ज करने की धमकी दी गई।

राजेश परमार ने पुलिस अधीक्षक से की यह मांग

राजेश परमार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि सुनील सोलंकी और उसके कथित 4-5 साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही खाते से निकाली गई राशि वापस दिलाने और आधार कार्ड व बैंक पासबुक लौटाने की भी मांग की है।

https://youtu.be/eQHR5giMktc?si=xeK5KUZ7fu-m-N7V

Navbharat Live
navbharatlive.com