मुरैना में रिश्वत मांगते एएसआई का वीडियो वायरल, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने तत्काल किया निलंबित

Morena Police News : मुरैना के सबलगढ़ थाने के एएसआई का कथित रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने तत्काल निलंबित कर जांच के आदेश दिए। वीडियो में 10 से 50 हजार रुपये की मांग का आरोप है।
Morena ASI Bribe Video Viral
रिश्वत मांगता ASI (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Morena ASI Bribe Video Viral: मुरैना जिले के सबलगढ़ थाने में पदस्थ एक एएसआई का कथित रिश्वत मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में एएसआई आरोपियों को थाने से जमानत दिलाने के नाम पर 10 हजार से 50 हजार रुपये तक की रिश्वत मांगता सुनाई दे रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एएसआई को निलंबित कर दिया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो सबलगढ़ थाने में पदस्थ एएसआई रामबाबू निबोरिया का बताया जा रहा है। वीडियो में वह एक परिवार से बातचीत करते हुए कथित तौर पर कहता सुनाई देता है कि यदि जेल जाने से बचना है और थाने से ही जमानत करानी है, तो इसके लिए पैसे देने होंगे। बातचीत के दौरान वह 10 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक की राशि की मांग करता हुआ दिखाई देता है।

जमानत के लिए मांगी रिश्वत

बताया जा रहा है कि यह मामला सबलगढ़ थाना क्षेत्र के बकासुर गांव में 1 जुलाई को हुए विवाद से जुड़ा है। विवाद के बाद आरोपी पक्ष जमानत की प्रक्रिया के लिए थाने पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान एएसआई ने उन्हें जेल भेजने की धमकी देकर रिश्वत की मांग की। वायरल वीडियो में थाना प्रभारी के नाम का भी कथित तौर पर जिक्र सुनाई देता है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

SP ने किया सस्पेंड

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने तत्काल संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच में एएसआई के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही मामले की विस्तृत जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में रिश्वत मांगने के आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

https://youtu.be/oeDcEuol6Ko?si=oVhQ2WeubnqMzVqf

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com