बाबा का बिगड़ैल भाई: कौड़ा फायरिंग केस से पहले...इन विवादों की वजह से चर्चा में रहा धीरेंद्र शास्त्री का भाई

Shaligram Garg Controversies: बागेश्वर धाम प्रमुख के भाई शालिग्राम गर्ग के विवादों की पूरी क्रोनोलॉजी, दलित विवाह विवाद से लेकर कोड़ा गांव में किसान पर फायरिंग के गंभीर आरोप तक।
Reports of distancing by Dhirendra Krishna Shastri from his brother had previously become a subject of public discussion
धीरेंद्र शास्त्री के भाई के पुराने विवाद (सोर्स- एआई जनरेटेड इमेज)
Published on
Updated on

Dhirendra Shastri Brother Shaligram Garg Old Row: कभी-कभी सबसे बड़ी चुनौती बाहर के विरोधियों से नहीं, बल्कि अपने ही घर के लोगों से होती है। कोई व्यक्ति दुनिया भर में सम्मान और आस्था का केंद्र बन जाए, लेकिन यदि उसके करीबी बार-बार विवादों में घिरते रहें, तो सवाल केवल व्यक्तियों पर नहीं, बल्कि उस छवि पर भी उठने लगते हैं जो वर्षों की मेहनत से बनी होती है।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते चर्चा में हैं। छतरपुर के कौड़ा गांव में फायरिंग की घटना में दो लोगों के घायल होने के आरोप लगे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश भी देखने को मिला और बताया जा रहा है कि शालिग्राम गर्ग वहां से भाग गए। घटना के बाद घायल किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, छतरपुर के राजनगर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कोड़ा में मंगलवार को फायरिंग की घटना सामने आई। घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा और उनके परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग ने मोतीलाल को गोली मारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई। राहत की बात यह रही कि किसान की जान बच गई लेकिन इस घटना के गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं क्योंकि पहले जब शालिग्राम ने कांड़ किया था। तब बाबा यानी बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर ने साफ कह दिया था कि शालिग्राम से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। हालांकि अब तक इस मामले पर धीरेंद्र शास्त्री का कोई भी बयान सामने नहीं आया है।

शालिग्राम गर्ग: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बिगड़ैल भाई!

गौरतलब है कि, यह पहला मामला नहीं है जब धीरेंद्र शास्त्री का भाई शालिग्राम गर्ग चर्चा में हो। इससे पहले भी वह कई बार अपने विवादों की वजह से चर्चा में रहा है, इसी वजह से उसे धीरेंद्र शास्त्री का 'बिगड़ैल भाई' भी कहा जाता है। यह हैं शालिग्राम के कुछ पुराने विवाद:

  • 2023 दलित परिवार की शादी में मारपीट और हथियार लहराने का आरोप: फरवरी 2023 में एक दलित परिवार के घर शादी समारोह के दौरान शालिग्राम गर्ग विवादों में आ गए थे। आरोप है कि बारात में डीजे पर नाच रहे लोगों के बीच पहुंचकर उन्होंने कथित तौर पर पिस्टल लहराई और कुछ लोगों के साथ मारपीट की। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया था कि उस समय शालिग्राम गर्ग नशे की हालत में थे। घटना के बाद दलित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। बाद में उन्हें न्यायालय से जमानत मिल गई थी।
  • 2024 सागर के मुगवारी टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों से विवाद: अप्रैल 2024 में शालिग्राम गर्ग एक बार फिर चर्चा में आए, जब सागर जिले के मुगवारी टोल प्लाजा पर उनके और टोल कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि शालिग्राम गर्ग अपने करीब 10 साथियों के साथ टोल प्लाजा पहुंचे और वहां कर्मचारियों के साथ मारपीट की। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की थी।
  • दोस्त के घर हमला और लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने का आरोप: शालिग्राम गर्ग पर अपने पुराने दोस्त जीतू तिवारी के घर पहुंचकर मारपीट करने का भी आरोप लग चुका है। शिकायत के अनुसार, घटना के दौरान उन्होंने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और बाद में लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल करते हुए धमकी भरे संदेश भी भेजे। पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।

जीतू तिवारी से मारपीट के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने छोटे भाई से बना ली थी दूरी

गौरतलब है कि, जीतू तिवारी से मारपीट और धमकी के आरोपों के बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सार्वजनिक रूप से अपने छोटे भाई शालिग्राम गर्ग से दूरी बना ली थी। उस समय उन्होंने कहा था कि मामला कानून के दायरे में है और कानून अपना काम करेगा। बाद में शालिग्राम गर्ग ने भी बड़े भाई से अपना संबंध समाप्त करने की घोषणा कर दी। लगातार विवादों में नाम आने के कारण शालिग्राम गर्ग की गतिविधियों का असर बागेश्वर धाम और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सार्वजनिक छवि पर भी चर्चा का विषय बना रहा।

https://youtu.be/WeWG-PZkId0?si=iqoD6VyZEh_KI57C

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com