

Dindori Woman Murder Case : डिंडोरी जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गाड़ासरई थाना क्षेत्र के धावाडोंगरी गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस पर लापरवाही और निष्पक्ष जांच नहीं करने के आरोप लगे हैं। न्याय की गुहार लेकर मृतका का नाबालिग बेटा और परिजन भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के बंगले पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
परिजनों का आरोप है कि महिला की उसके पति ने शराब के नशे में बेरहमी से पिटाई की थी। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोप है कि महिला की मौत के बाद पति ने मायके पक्ष को इसकी सूचना तक नहीं दी।
बताया जा रहा है कि घटना शुक्रवार की है। मृतका का बेटा स्कूल से छुट्टी के बाद घर पहुंचा तो उसने अपनी मां को गंभीर हालत में तड़पते देखा, जबकि उसका पिता शराब के नशे में था। परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित कार्रवाई नहीं होने और पुलिस की लापरवाही के कारण उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है।
मामले को लेकर मृतका के बेटे और रिश्तेदारों ने भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे से मुलाकात कर न्याय की मांग की। विधायक ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिले में हत्या जैसे गंभीर मामलों में भी पुलिस की जांच संतोषजनक नहीं है और कई मामलों में अधिकारी घटनास्थल तक नहीं पहुंचते।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि जिले में जुआ, शराब, सट्टा और गांजा जैसे अवैध कारोबार लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रही है। विधायक ने कहा कि वह पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करेंगे ताकि निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
फिलहाल इस मामले ने डिंडोरी पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पुलिस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।
https://youtu.be/9PW-pbGgOzA?si=iXdLTE9vqUy7OQkB